सड़क पर बना गड्ढा बना परेशानी का सबब
सिविल टाउनशिप के संजय मार्केट के पास मोबाइल केबुल डालने के
जागरण संवाददाता, राउरकेला : सिविल टाउनशिप के संजय मार्केट के पास मोबाइल केबुल डालने के लिए खोदा गया गड्ढा महीने भर से नहीं भरा गया है जिससे आने जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे आए दिन दुर्घटना भी हो रही है। शहर के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे कई गड्ढे खुले हुए हैं। जिनकी ओर नगर निगम का ध्यान नहीं जा रहा है।
सिविल टाउनशिप में मोबाइल कंपनी का केबुल बिछाने का काम किया जा रहा है। इसी के तहत गड्ढे खोदे गए हैं। ठेकेदार का काम धीमी गति से चल रहा है। जिससे इन गड्ढों को नहीं भरा जा सका है। सिविल टाउनशिप के संजय मार्केट के पास महीने भर पहले गड्ढा खोदा गया है। यहां पर करीब चार फीट गहरा चैंबर बनाकर खुला छोड़ दिया गया है। सड़क के किनारे खोदे गए गड्ढे के कारण संजय मार्केट, आरएमसी मार्केट, लायंस नेत्र अस्पताल एवं आसपास के गैरेजों में वाहन लेकर आने वालों को अधिक परेशानी हो रही है। सप्ताह भर के अंदर यहां दो दुर्घटना हो चुकी हैं जिसे लेकर लोगों में असंतोष देखा जा रहा है। गड्ढा खोदने के बाद ठेकेदार व उसके कर्मचारी भी लंबे समय से नजर नहीं आ रहे हैं।