पश्चिम ओडिशा में खुलेंगे 18 नए न्यायालय
पश्चिम ओडिशा के 6 जिलों में अब न्यायिक प्रक्रिया में और तेजी आएगी।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : पश्चिम ओडिशा के 6 जिलों में अब न्यायिक प्रक्रिया में और तेजी आएगी। हाई कोर्ट ने इन जिलों में नए न्यायालय खोलने को मंजूरी दी है। इसके तहत पश्चिम ओडिशा के 6 जिलों में सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कम जेएमएफसी के 18 नए न्यायालय खोले जाएंगे। इनमें से सबसे ज्यादा नए न्यायालय सुंदरगढ़ जिले में खुलेंगे। इस जिले में कुल 6 नए न्यायालय खुलेंगे। यह सभी न्यायालय सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कम जेएमएफसी के होंगे। जिले में यह सभी न्यायालय विभिन्न अंचलों में खोले जाएंगे। इसके तहत एक न्यायालय कोईड़ा, एक बीरमित्रपुर, एक लोहणीपाड़ा, एक बड़गांव, एक लेफ्रिपाड़ा तथा एक न्यायालय हेमगिर में खोला जाएगा। इसी तरह बरगढ़ जिले में तीन नए न्यायालय खोले जाएंगे। जिले के गाइसिलेट, पाईकमाल व बेजेपुर में यह न्यायालय खुलेंगे। झारसुगुड़ा जिले में भी तीन नए न्यायालय खोले जाने हैं। जिन जगहों पर यह न्यायालय खोले जाएंगे उनमें लखनपुर, लैयकेरा व किरमिरा शामिल है। कालाहांडी में चार न्यायालय खोले जाएंगे। यह न्यायालय ओक्टामुंडा, तुआमुत्रमपुर, करलामुंडा व लांजीगढ़ में खुलेंग। जबकि संबलपुर में एक न्यायालय रेंगाली में खोला जाएगा। बलांगीर जिले में भी एक न्यायालय बांगोमुंडा में खोला जाएगा।
जिला व सत्र न्यायाधीशों को सभी व्यवस्था करने का निर्देश : उच्च न्यायालय की ओर से संबंधित जिले के जिला व सत्र न्यायाधीशों को निर्देश दिया गया है कि ले सरकारी या निजी स्तर पर कोर्ट हॉल, डेस्क, गवाह बॉक्स, कार्यालय और पीठासीन अधिकारी के कक्ष के साथ-साथ उपयुक्त आवास की व्यवस्था करे। इसके अलावा नए कोर्ट के लिए जजों की नियुक्ति करें। गौरतलब है कि उच्च न्यायालय ने राज्य के 24 जिलों में 65 नए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) कम जेएमएफसी के न्यायालय खोलने की अनुमति प्रदान की है।