रजामंदी से चैंबर का अध्यक्ष चुनने कवायद तेज
राउरकेला चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष पद का चुनाव रजामंदी से कराने की कवायद तेज हो गई है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला: राउरकेला चैंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष पद का चुनाव रजामंदी से कराने की कवायद तेज हो गयी हैं। पिछली बार भी मलय मंडल के मुकाबले से पीछे हट जाने के बाद अध्यक्ष पद पर निर्विरोध शुभ पटनायक को चुन लिया गया था। लेकिन इस बार अध्यक्ष पद के लिए शुभ पटनायक के खिलाफ पहले प्रभात टिबड़ेवाल व प्रवीण गर्ग के चुनाव में उतरने की चर्चा चली थी। लेकिन प्रभात टिबड़ेवाल ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नहीं किया। नतीजतन अब मैदान में केवल शुभ पटनायक व प्रवीण गर्ग बचे हैं। चैंबर सूत्रों की माने तो कवायद चल रही हैं कि दोनों पक्षों से बात कर रजामंदी से निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया जाए। लेकिन आधिकारिक रूप से अब तक किसी तरह के रजामंदी की सूचना नहीं मिली है।
रजामंदी नहीं होने पर 23 जून को चुनाव तय: अगर आपसी रजामंदी से बात नहीं बनती है तो अध्यक्ष पद के लिए 23 जून को चुनाव तय है। फिलहाल मैदान में शुभ पटनायक व प्रवीण गर्ग हैं। शुभ पटनायक की बात करें तो वे लंबे समय से चैंबर से जुड़े रहे हैं। चैंबर के उपाध्यक्ष, महासचिव रहने के बाद अध्यक्ष पद पर पहले भी रह चुके हैं। पिछले साल भी उन्हें निर्विरोध चुना गया था। वहीं उनके मुकाबले में प्रवीण गर्ग हैं जिन्होंने पिछली बार उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा था और अपने प्रतिद्वंदी नरेश आर्या को शिकस्त दी थी। इससे पहले वे सचिव (वित्त) रह चुके हैं।