झीरपानी में फंसे मयूरभंज के 35 श्रमिक
झीरपानी मिटकुंदारी में देव नदी पर पुल निर्माण में नियोजित 35 श्रमिक लॉकडाउन के चलते घर नहीं लौट पा रहे थे।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : झीरपानी मिटकुंदारी में देव नदी पर पुल निर्माण में नियोजित 35 श्रमिक लॉकडाउन के चलते घर नहीं लौट पा रहे थे। मयूरभंज जाने के लिए साधन नहीं होने व ठेकेदार के द्वारा बकाया भुगतान नहीं करने से वे परेशान थे। बुधवार को बीजद नेता प्रकाश पासवान की पहल पर पुलिस को सूचित किया गया। हस्तक्षेप के बाद ठेकेदार ने उन्हें बकाया देने एवं बस से गांव भिजवाने का प्रबंध करने का भरोसा दिया। देव नदी पर पुल निर्माण में मयूरभंज जिले के 35 श्रमिक कार्यरत थे। लॉकडाउन में उनका काम बंद था एवं वे घर लौटना चाह रहे थे पर ठेकेदार से वेतन का भुगतान नहीं करने तथा जाने का साधन नहीं होने के कारण किसी तरह वे पुल के पास ही तंबू में समय काट रहे थे। इसकी खबर मिलने पर बीजद के मो. फिरोज तथा प्रकाश पासवान ने उनकी सुधि ली। उनकी समस्या से अवगत होने के बाद पुलिस से इसकी शिकायत की गई। हस्तक्षेप के बाद ठेकेदार उन्हें बकाया देने व घर भेजने का प्रबंध करने को राजी हुआ।