पुण्य तिथि पर बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि
बिरसा मुंडा स्टेच्यू कमेटी की ओर से बुधवार को वीर बिरसा मुंडा की 121वीं पुण्यतिथि मनाई गई।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : बिरसा मुंडा स्टेच्यू कमेटी की ओर से बुधवार को वीर बिरसा मुंडा की 121वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस मौके पर कमेटी के सदस्यों ने बिरसा चौक में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ ही उनके जीवन आदर्श पर प्रकाश डाला। आजादी व अधिकार के लिए उनके संघर्ष से प्रेरणा लेने का आह्वान कमेटी की ओर से किया गया।
बिरसा मुंडा स्टेच्यू कमेटी के अध्यक्ष प्रो. विजय टोप्पो की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में आरएसपी समाज कल्याण विभाग के महाप्रबंधक विजय कुमार राउत, संचार प्रमुख धीरेन कुमार मिश्र, जिला सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी सीमा फतिमा एक्का, राउरकेला वकील संघ के अध्यक्ष रमेश बल ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कमेटी के संयुक्त सचिव प्रसन्न त्रिपाठी ने कार्यक्रम का संचालन किया एवं बिरसा मुंडा के जीवन आदर्श पर संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। अध्यक्ष विजय टोप्पो ने आदिवासी अनुसंधान व सांस्कृतिक केंद्र के लिए सरकार से जमीन मुहैया कराने के लिए किए गए अनुरोध पर प्रकाश डाला एवं सभी से इसके लिए प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम में टाउन बीजद अध्यक्ष गगन पंडा, भाजपा सांगठनिक जिला अध्यक्ष लतिका पटनायक, राउरकेला ब्राह्मण महासभा की श्रद्धा षाड़ंगी, रामानंद श्रीचंदन, प्रशांत सेठी, सविता खातून, प्रसन्न त्रिपाठी समेत अन्य लोग मौजूद थे। अंत में कमेटी के उपाध्यक्ष डा. एम सोरेन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बिरसा चौक में मनाई गई प्रतिमा की वर्षगांठ : शहर के हृदयस्थल बिसरा चौक में स्थापित धरती आबा वीर बिरसा की प्रतिमा स्थापना की वर्षगांठ तथा उनकी पुण्यतिथि पर डिस्प्लेस सेटलमेंट कमेटी की ओर से बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर वीर बिरसा मुंडा से हक के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा लेने व अधिकार के लिए अंतिम समय तक संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया।
बिरसा चौक पर बुधवार की सुबह डिस्प्लेस सेटलमेंट कमेटी की ओर से प्रतिमा स्थापना की वर्षगांठ मनाई गई। बिरसा चौक में स्थापित प्रतिमा इस क्षेत्र होकर गुजरने वाले लोगों को वीर बिरसा मुंडा के त्याग एवं आदिवासियों के हक के लिए उनके द्वारा किए गए बलिदान को याद दिलाती है। लोग अपने इस धरती पुत्र को देख कर गौरव अनुभव करते हैं। प्रतिमा स्थापना की वर्षगांठ मनाते हुए डिस्प्लेस सेटलमेंट कमेटी के सदस्यों ने आदिवासियों के हित में उनके आदर्श पुरुष वीर बिरसा के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वीर बिरसा मुंडा की प्रतिमा के स्थापना दिवस के अवसर पर कमेटी के द्वारा प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष हेमा एक्का, महासचिव रवीन्द्र भूमिज, सचिव रश्मी एक्का, मीना तिर्की, सह सचिव सबनम एक्का, मुख्य सलाहकार मनिलाल केरकेटटा आदि लोग शामिल थे।