अंकुश वर्मा बने भाजयुमो के नये जिलाध्यक्ष
पानपोष जिला भाजपा कमेटी के अध्यक्ष जगबंधु बेहरा ने प्रदेश कमेटी के अनुमोदन के बाद अंकुश वर्मा को जिला भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : पानपोष जिला भाजपा कमेटी के अध्यक्ष जगबंधु बेहरा ने प्रदेश कमेटी के अनुमोदन के बाद पानपोष जिला भाजयुमो का जिलाध्यक्ष अंकुश वर्मा को नियुक्त किया है। अंकुश निवर्तमान अध्यक्ष देवेंद्र वीरगठिया की जगह यह दायित्व संभालेंगे।
जिलाध्यक्ष ने उम्मीद जतायी है कि अंकुश के नेतृत्व में भाजपा का युवा संगठन ज्यादा मजबूत व ज्यादा संगठित होगा। नवनियुक्त भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकुश वर्मा को आगामी सात दिनो के अंदर भाजयुमो की कार्यकारिणी का गठन कर सूची जिलाध्यक्ष को अनुमोदन के लिए भेजने को कहा गया है।
इधर, अंकुश ने बताया कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गयी है उसे वे बखूबी निभाने का प्रयास करेंगे। संगठन के लिए उन्होंने जो कार्य किया और जिस तरह से शीर्ष नेताओं के मार्गदर्शन में लगातार संगठन को मजबूत किया, यह उसी का उन्हें पुरस्कार मिला है। दल के विचारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए अंकुश ने जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय कमेटी का आभार जताया। केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और पार्टी के विचारों को लोगों तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बतायी।