आधुनिक मेटालिक्स कर्मियों का भविष्य अधर में
कुआरमुंडा के चाडरी हरिहरपुर स्थित आधुनिक मेटालिक्स के
जागरण संवाददाता, राउरकेला : कुआरमुंडा के चाडरी हरिहरपुर स्थित आधुनिक मेटालिक्स के पांच सौ से अधिक श्रमिक एवं कर्मचारियों का भविष्य अधर में है। उन्हें छह महीने से वेतन नहीं मिला है। संयंत्र में चार महीने से बिजली काट दी गई है तथा कर्मचारियों के आने जाने के लिए बस सेवा भी बंद कर दी गई है। जिससे कर्मचारियों के सामने एक साथ कई समस्याएं खड़ी हो गई हैं। लिबर्टी हाउस द्वारा नीलामी में लेने की खबर से श्रमिकों को बड़ी उम्मीद बंधी थी कि हालात कुछ सुधरेंगे लेकिन तय समय पर नीलामी की राशि जमा नहीं हो पाने से यह आशा भी धूमिल होने लगी है। अब जनवरी में फिर से इस पर सुनवाई होगी।
आधुनिक मेटालिक्स के कर्मचारियों ने दुर्गा पूजा से पूर्व कुआरमुंडा पुलिस चौकी के समक्ष प्रदर्शन कर प्रबंधन के अधिकारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसके बाद वेतन देने का भरोसा मिला था पर इसके बाद प्रबंधन ने चुप्पी साध ली। संयंत्र के 15 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले श्रमिक व कर्मचारी आकर हाजिरी बनाने के साथ काम कर लौट रहे हैं। संयंत्र में बिजली नहीं होने के कारण रात के समय यहां रहना मुश्किल हो रहा है। श्रमिकों को लिबर्टी हाउस द्वारा कंपनी का अधिग्रहण करने की बात से काफी राहत मिली थी लेकिन समय से नीलामी की राशि जमा नहीं होने से यह संभावना भी धूमिल होने लगी है।
कंपनी बंद होने का नोटिस नहीं :
संयंत्र प्रबंधन की ओर से संयंत्र को पूरी तरह से बंद करने के लिए भी नोटिस नहीं दिया जा रहा है। करीब दो साल से इसका संचालन बैंक के अधीन ही हो रहा है। आधुनिक मेटालिक्स की बस सेवा भी बंद कर दिए जाने से अनेक कर्मचारियों पर आने जाने के खर्च का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।