रोहन पटनायक ने केदारनाथ शिखर पर फहराया तिरंगा
राउरकेला के कलिग विहार निवासी साफ्ट वेयर इंजीनियर रोहन पटनायक ने चार दिन की कठिन चढ़ाई कर केदारनाथ के शिखर पर 13 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : राउरकेला के कलिग विहार निवासी साफ्ट वेयर इंजीनियर रोहन पटनायक ने चार दिन की कठिन चढ़ाई कर केदारनाथ के शिखर पर 13 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराया। ओडिशा के सात युवकों के पर्वतारोही दल में रोहन भी शामिल थे। उन्होंने यह सफलता प्राप्त कर शहरवासियों का गौरव बढ़ाया है।
पुलिस अधिकरी रंजन पटनायक के पुत्र 27 वर्षीय रोहन पटनायक ने अपने छह साथियों के साथ पर्वतारोहण का निर्णय लिया। उनके साथ हेमंत नायक, सुब्रत पात्र, सुमन मजूमदार, निरंजन पटनायक, प्रत्यूष मिश्र एवं कामाख्या प्रसाद थे। उत्तराखंड के साक्रिग से केदारनाथ की 13 हजार फीट की चढ़ाई की। पहले दिन जिहुदा का तालाब पहुंचकर कैंप किया। इसकी ऊंचाई 9,100 फीट है एवं करीब आठ किलोमीटर दूरी तय कर यहां तक पहुंचे। रात को शून्य डिग्री से कम तापमान पर कैंप करने के बाद दूसरे दिन 2,200 फीट यानी कुल 11,300 फीट ऊंचाई तक केदारनाथ बेस कैंप पहुंचे। तीसरे दिन दोपहर दो बजे गेटर, क्रांपनस एवं हेड टॉर्च के साथ साथी छह किलोमीटर चले। चौथे दिन उन्होंने केदारनाथ शिखर पर भारतीय झंडा फहराया। अंतिम आधे घंटे की यात्रा काफी रोमांचक होने की बात उन्होंने कही है। ऑक्सीजन का स्तर कम होने के कारण सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। समय कम होने के कारण आराम किए बगैर तेजी से चढ़ाई करना था। अंतत: लक्ष्य को प्राप्त किया एवं पूरी टीम रोमांचित हो उठी। रोहन की इस सफलता पर परिजन समेत शहरवासियों में हर्ष का माहौल है। शहरवासियों ने इस सफलता के लिए रोहन समेत पूरी टीम को बधाई देने के साथ ही उज्जवल भविष्य की कामना की है।