बिसरा के मोहीपानी में हाथियों का उत्पात
बिसरा ब्लाक के मोहीपानी गांव में बुधवार की रात को हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : बिसरा ब्लाक के मोहीपानी गांव में बुधवार की रात को हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। फसल खाने के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता निशा महतो के घर को ढहा दिया व अनाज चट कर गए। सुबह वन विभाग कर्मी मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त परिवार वालों को मुआवजा देने का भरोसा दिया है। इलाके में लगातार हाथियों के आने से लोग आतंकित हैं।
सारंडा वन क्षेत्र से हाथियों का झुंड इस इलाके में पहुंच रहा है। रात को हाथी मोहीपानी गांव में घुस गए थे। हाथियों ने वनवासी महिला संगठन चलाने वाली सामाजिक कार्यकर्ता निशा महतो के घर को तोड़ दिया व अनाज चट कर गए। परिवार के लोग किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहे। सूचना मिलने पर वन विभाग कर्मी वहां पहुंचे और हाथियों को खदेड़ा। सुबह वन विभाग कर्मी वहां पहुंचकर राजस्व विभाग से क्षति का आकलन कर मुआवजा देने का भरोसा दिया है।
उल्लेखनीय है कि सारंडा जंगल से हाथियों का आगमन जारी रहने से सुंदरगढ़ जिले के कई ब्लॉक के लोगों को जानमाल का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी की निंदा : आल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन की ओर से पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा रवि की गिरफ्तारी की निदा की गई है। संगठन की महासचिव छवि महंती ने कहा है कि दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में पक्ष रखने पर दिल्ली पुलिस की ओर से दिशा रवि के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जो न्याय संगत नहीं है। सरकार पूंजीपतियों के हित में कृषि कानून बनाकर लागू करने जा रही है, इसका हर स्तर पर विरोध होगा।