कोरोना वायरस की चेन तोड़ने फिर लॉक हुआ शहर
कोरोना वायरस का कहर शहर में तेजी से बढ़ रहा है।
जासं, राउरकेला : कोरोना वायरस का कहर शहर में तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने संक्रमण की चेन तोड़ने के उददेश्य के लिए 31 अगस्त तक राउरकेला शहर में वीकेंड लॉक डाउन लागू किया है। जुलाई में किए गए लॉक डाउन में कुछ रियायतों के साथ छूट भी दी गई थी। लेकिन इस बार लॉक डाउन में कई रियायतों व छूट को हटा दिया गया है। वीकेंड लॉकडाउन 55 घंटे का रहेगा। शुक्रवार की रात दस बजे से शुरू होकर सोमवार की सुबह पांच बजे तक प्रभावी रहने वाले लॉकडाउन में शनिवार को पहले दिन सभी दुकान-दफ्तर बंद रहे। जरूरी सेवाओं को इससे मुक्त रखा गया है। बगैर जरूरी काम के बाहर घूमने वालों पर नकेल कसने के लिए शहर के कई स्थानों पर पुलिस द्वारा बैरिकेड लगाकर जांच अभियान चलाया गया। मुख्य मार्ग पर लाल बिल्डिग के पास पुलिस ने कई लोगों को पकड़कर उनसे जुर्माना वसूला तथा कई लोगों को कड़ी फटकार लगाने के बाद वापस लौटा दिया। डेली मार्केट सब्जी मंडी तथा प्लांट साइट थोक बाजार पूरी तरह से बंद रहे। लॉक डाउन के कारण मुख्य मार्गो पर सन्नाटा पसरा रहा। लेकिन गली मोहल्ले के रास्ते लोग आते-जाते देखे गए। इससे पूर्व के वीक एंड लॉक डाउन में राशन दुकान तथा थोक मंडी को सुबह 6 से दोपहर एक बजे तक खोलने की इजाजत दी गई थी। लेकिन इस बार संपूर्ण लॉक डाउन के कारण इन्हें भी बंदर रखा गया है।