कंटेनमेंट जोन से दो बोरा प्रतिबंधित मांस जब्त
रविवार की सुबह करीब पांच बजे एक ऑटो से चार बोरा प्रतिबंधित मांस राउरकेला कंटेनमेंट जोन में लाया गया था।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : रविवार की सुबह करीब पांच बजे एक ऑटो से चार बोरा प्रतिबंधित मांस राउरकेला कंटेनमेंट जोन में लाया गया था। रिग रोड के किनारे आचार्य हरिहर स्कूल के पास मांस होने की सूचना मिलने पर जब बजरंगदल कार्यकर्ता वहां पहुंचे तबतक दो बोरा मांस गायब हो चुका था। सूचना मिलने पर पुलिस तथा पशु चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों ने घटनास्थल पहुंचकर मांस की पहचान कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। रविवार की सुबह कंटेनमेंट जोन इलाके में एक अॅाटो पहुंचा था जिसमें चार बोरों में प्रतिबंधित मांस था। उसे आचार्य हरिहर स्कूल के पास छोड़कर चालक ऑटो लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर हंगामा करते हुए प्लांट साइट पुलिस को भी बुला लिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर दो बोरों में बंद मांस जब्त कर पशु चिकित्सा विभाग के कर्मियों से पहचान कराकर मामले की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले शनिवार को भी तीन युवक प्रतिबंधित मांस लेकर लुआकेरा से होकर जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़कर सेक्टर-15 पुलिस के हवाले किया था। प्रतिबंधित मांस का कारोबार बढ़ने पर बजरंगदल के प्रांतीय गोरक्षा प्रमुख राजू सिंह ने क्षोभ प्रकट किया है एवं सख्ती बरतने की मांग प्रशासन से की है। दुर्घटना में श्रमिक घायल
: डालमिया सीमेंट भारत लिमिटेड कारखाना, राजगांगपुर परिसर में हुई दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। शनिवार की शाम को कारखाना के कैंटीन में काम कर रहा कर्मचारी प्रभाकर साहू (57) नाश्ता लेकर लाइन-2 में देने को गया था। लौटते वक्त कारखाने के भीतर चल रहे हाइवा की चपेट में आ जाने से वह घायल हो गया। प्रभाकर साहू को तत्काल बेहतर इलाज के लिए इस्पाल जनरल अस्पताल, राउरकेला भेजा गया। प्रभाकर के दाएं पैर में फैक्चर के साथ शरीर के अन्य भाग में चोट आई है। दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार
: तलसरा थाना अंतर्गत जमुनाभोईपाड़ा के 35 वर्षीय जलधर महानंद को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। युवती शाम के समय शौच के लिए पास के खेत में गई थी तभी उसे अकेला पाकर जलधर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस संबंध में परिवार वालों को जानकारी मिलने के बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गर्ठ। थाना अधिकारी श्रद्धांजलि सुबुद्धि मौके पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।