उप्र के 76 लोगों को बस से संबलपुर भेजा
जिला प्रशासन ने शहर में रहने वाले उत्तर प्रदेश के 76 लोगों को बुधवार को चार बसों से संबलपुर के लिए रवाना किया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : जिला प्रशासन ने शहर में रहने वाले उत्तर प्रदेश के 76 लोगों को बुधवार को चार बसों से संबलपुर के लिए रवाना किया। वहां से ये लोग स्पेशल ट्रेन से अपने गृह प्रदेश जाएंगे। यह ट्रेन कानपुर तक जाएगी। इसके लिए बुधवार की सुबह उदितनगर उपजिलापाल कार्यालय में सभी के आधार कार्ड की जांच कर सभी को रवाना किया गया।
पानपोष उपजिलापाल विश्वजीत महापात्र ने बताया कि लॉक डाउन के कारण राउरकेला शहर में उत्तर प्रदेश के कई लोग और मजदूर फंस गए थे। अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश लौटने के लिए 130 लोगों ने पंजीयन कराया था। इनमें से 76 लोगों को पहले चरण में उप्र भेजने की तैयारी की गई। जिला मिनरल फंड से मिली 4 बसों में कुल 76 महिला, पुरुष और बच्चों को संबलपुर के लिए रवाना किया गया। इन यात्रियों के लिए नाश्ता और पानी की निश्शुल्क व्यवस्था की गई थी। सुंदरगढ़ पहुंचने सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिग और स्वास्थ्य जांच की जाएगी। सुंदरगढ़ से भी कई लोग उक्त बसों में सवार होंगे। आगामी दिनों में प्रवासी लोगों को भेजने की व्यवस्था की जाएगी। ओडिशा-झारखंड सीमा से बिहार के लिए लोगों को भेजा गया है। मौके पर अतिरिक्त लेबर अधिकारी सुकांत सेठी, राउरकेला तहसीलदार श्री साहू, डीएलओ प्रणव कुमार पात्र समेत लेबर कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित थे।