राउरकेला स्टील प्लांट में एक लाख पौधे लगाने की तैयारी
राउरकेला स्टील प्लांट (आरएसपी) की ओर से इस मानसून के दौरान प्लांट परिसर के अंदर 150 एकड़ भूमि पर एक लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है।
जागरण संवाददाता, राउरकेला: राउरकेला स्टील प्लांट (आरएसपी) की ओर से इस मानसून के दौरान प्लांट परिसर के अंदर फैले 150 एकड़ से अधिक भूमि पर एक लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। न्यू प्लेट मिल, न्यू हॉट स्ट्रिप मिल जैसे अन्य विभागों के पास विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण ब्लॉक विकसित किए जाएंगे। कार्य क्षेत्र को हराभरा करने के लिए इमारती लकड़ी, औषधीय और फूल वाले वृक्ष को चुना जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राउरकेला स्टील प्लांट ने अब तक राउरकेला और आसपास विभिन्न प्रजातियों के 49.07 लाख पेड़ लगाए हैं, जिससे हरियाली का साया छा गया है। शहर को एक हिल स्टेशन का रूप देने के अलावा, पौधों का क्षेत्र भी एक विशाल कार्बन सिक के रूप में कार्य कर रहा है। 225 एकड़ भूमि में 2.25 लाख पेड़ों के साथ ग्रीन पार्क, 68 एकड़ में 66,000 पेड़ों के साथ ग्रीन वैली, 85 एकड़ में 84,000 पेड़ों के साथ ग्रीन मीडोज एवं 75 एकड़ भूमि में 52,000 पेड़ों के साथ लैगून पार्क परिसर शहर के कुछ प्रमुख वृक्षारोपण ब्लॉक हैं। इस वर्ष की गतिविधियां बड़े पैमाने पर एक जागरूकता अभियान और पौधरोपण उत्सव के साथ शुरू हुईं। दीपक चटटराज, सीईओ, आरएसपी ने इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पौधरोपण किया।