आधार से जुड़ेंगे राउरकेला के 2.61 लाख उपभोक्ता Rourkela News
राष्ट्र एक कार्ड योजना को संसद में पारित किया गया है। इसके लिए सभी राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से पत्र लिखा गया है। जिसमें सभी उपभोक्ताओं को आधार से लिंक करना है।
राउरकेला, जेएनएन। राउरकेला आपूर्ति विभाग की ओर से एक राष्ट्र एक कार्ड योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। इसके तहत 2,61,303 लोगों को आधार से जोड़ा जाएगा। आधार कनेक्शन का काम जारी होने के कारण आपूर्ति विभाग कार्यालय में लाभुकों की भीड़ लग रही है।
देश में एक राष्ट्र एक कार्ड योजना को संसद में पारित किया गया है। इसके लिए सभी राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से पत्र लिखा गया है। जिसमें सभी उपभोक्ताओं को आधार से लिंक करना है। राउरकेला आपूर्ति विभाग कार्यालय अधीनस्थ 61,534 प्रायोरिटी हाउस होल्ड, पीएचएच, 6,655 अन्नपूर्णा, 6,150 अंत्योदय समेत विभिन्न योजनाओं के 77,343 कार्डधारी हैं। इनमें कुल 2,61,303 लोगों को लाभ मिल रहा है।
खाद्य सुरक्षा कानून में सभी लोगों का आधार नंबर कार्ड से लिंक करना है। पीएचएच कार्ड पर 2,27,026 सदस्य हैं। इनमें से केवल 1,80,725 का ही आधार लिंक किया हुआ है। अंत्योदय कार्ड से 8,546 लोगों में से 6,655 को आधार से जोड़ा जा चुका है। शेष लोगों को भी जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गयी है। सहायक आपूर्ति अधिकारी रामचंद्र टुडू की निगरानी में यहां यह काम चल रहा है।