युवक को जान से मारने की धमकी पर बवाल
लाठीकटा अंचल में प्रतिबंधित मांस के कारोबारियों द्वारा जलदा अंचल के बजरंग दल कार्यकर्ता सुनील भूमिज को वाहन से कुचलने का प्रयास तथा जान से मारने की धमकी देने को लेकर तनाव उत्पन्न हो गया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला : लाठीकटा अंचल में प्रतिबंधित मांस के कारोबारियों द्वारा जलदा अंचल के बजरंगदल कार्यकर्ता सुनील भूमिज को वाहन से कुचलने का प्रयास तथा जान से मारने की धमकी देने को लेकर तनाव उत्पन्न हो गया। इस संबंध में लाठीकटा थाना तथा जलदा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की गई है। बजरंग दल के नेताओं ने इलाके में गोवंश की तस्करी नहीं रुकने पर गंभीर परिणाम की भी चेतावनी दी है।
बजरंग दल के पश्चिम ओडिशा गौ रक्षा प्रमुख राजू सिंह ने बताया कि लाठीकटा के राजाबासा टोला निवासी व बजरंगदल कार्यकर्ता राजा भूमिज तस्करी कर ले जाने वाली गायों को पकड़ाने तथा तस्करों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाता रहा है। मंगलवार की सुबह राजा भूमिज बाइक से देवगांव से घर लौट रहा था तभी एक बोलेरो से कुछ लोग पीछे से आये और उसे कुचलने का प्रयास किया। किसी तरह वह बच गया। तब दो युवक बोलेरो से उतरकर उसे गौ तस्करी में बाधा डालने पर कुचलकर मारने की धमकी दी। शाम को कुछ युवक उसके राजाबासा स्थित घर में पहुंचे। तब घर में राजा की बहन उर्मिला भूमिज थी। युवकों ने उससे भाई को समझाने के लिए कहा और ऐसा नहीं करने पर उसकी हत्या करने की धमकी दी।
इस संबंध में जल्दा पुलिस चौकी तथा लाठीकटा थाना में दो अलग अलग शिकायत दर्ज करायी गयी है। शाम को थाना पहुंचे बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया तथा आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा गौ व प्रतिबंधित मांस की तस्करी पर रोक लगाने की मांग की गयी। ऐसा नहीं होने पर आने वाले दिनों में स्थिति भयावह होने की चेतावनी भी दी गई है।