एसओएस विलेज ने मनाया अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस
एसओएस विलेज राउरकेला की ओर से परिवार सशक्तीकरण कार्यक्रम के तहत अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस मनाया गया।
जागरण संवाददाता, राउरकेला: एसओएस विलेज राउरकेला की ओर से परिवार सशक्तीकरण कार्यक्रम के तहत छेंड कॉलोनी स्थित हृषिकेश राय कॉलेज में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय परिवार दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम के साथ नो चाइल्ड अलोन, कोई बच्चा अकेला नहीं है, अभियान की शुरुआत भी की गयी।
इस कार्यक्रम में निदेशक तपन कुमार सुना ने नो चाइल्ड अलोन अभियान की शुरुआत की और बताया कि दो करोड़ बच्चों को पर्याप्त देखभाल नहीं मिलती क्योंकि उन्होंने माता-पिता दोनो को छोड़ दिया है या फिर उनके परिवार ने उनकी देखभाल नहीं की है। यदि परिवारों को मजबूत करने या वैकल्पिक देखभाल परिवार जैसा माहौल के साथ नहीं किया जाता है तो यह आंकड़ा वर्ष 2021 तक 2.4 करोड़ तक बढ़ने का अनुमान है। एचके विश्वास, मुख्य प्रशासक साईं वैली इंटरनेशनल स्कूल ने परिवार के महत्व पर प्रकाश डाला एवं मां की भूमिका की तुलना ईश्वर से की। जयप्रकाश अस्पताल के डॉ. चंदन विश्वास, विशेष शिक्षाविद् ने वर्तमान परिवारों की चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बताया कि वर्तमान परिवार में बुजुर्गो का सम्मान कम होता जा रहा है। इससे परिवार में बच्चों को आदर, प्यार व त्याग का पाठ पढ़ाना जरूरी हो गया है। शिक्षाविद विनोद साहू ने बच्चों की शिक्षा में सुधार के लिए माता-पिता की भूमिका पर चर्चा की तथा बच्चों को नैतिक शिक्षा देने पर बल दिया। आइजीएच एनटीआइ की प्राचार्या भारती कर ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर जोर दिया। स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन विजयलक्ष्मी त्रिपाठी ने किया तथा तनुश्री बेहरा ने धन्यवाद दिया।