आधुनिक मेटालिक्स के श्रमिकों ने दी चेतावनी
कुआरमुंडा के चाडरी हरिहरपुर स्थित आधुनिक मेटालिक्स सं
जागरण संवाददाता, राउरकेला : कुआरमुंडा के चाडरी हरिहरपुर स्थित आधुनिक मेटालिक्स संयंत्र के श्रमिकों का दस महीने का वेतन बकाया है। बार-बार अनुरोध के बावजूद प्रबंधन की ओर से केवल भरोसा ही मिल रहा है। इससे सब्र का बांध टूटने पर श्रमिकों एवं कर्मचारियों ने 16 मई से राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध करने व धरना देने का निर्णय लिया है।
कुआरमुंडा के चाडरी हरिहरपुर में 2001 में पश्चिम ओडिशा का सबसे वृहत लौह संयंत्र आधुनिक मेटालिक्स की स्थापना की गई थी। इनमें नुआगांव, कुआरमुंडा, बीरमित्रपुर एवं आसपास के तीन हजार से अधिक लोग काम करते थे। बिना नोटिस के संयंत्र को बंद कर दिया गया। श्रमिक संयंत्र में जाकर केवल हाजिरी बनाकर लौट रहे हैं। बैंक लोन अधिक होने के कारण इसके संचालन का दायित्व बैंक ने ले लिया था।
इस बीच लिबर्टी ग्रुप ने भी इस संयंत्र को लेने में दिलचस्पी दिखाई थी। ग्रुप की टीम के जनवरी महीने में राउरकेला आकर मुआयना करने के बाद श्रमिकों के अच्छे दिन आने की उम्मीद जगी थी पर अब यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला गया है। श्रमिकों का दस महीने का वेतन बकाया है। वेतन नहीं मिलने के कारण उनकी हालत दयनीय हो गई है। कुआरमुंडा नागरिक मंच के सहयोग से आधुनिक मेटालिक के कर्मचारियों ने 16 मई से राष्ट्रीय राजमार्ग 143 को अवरुद्ध करने की घोषणा की है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप