दिल्ली में बंधक बनी राउरकेला की बेटी
तीन महीने पहले दलाल अच्छा काम व पैसा दिलाने का झांसा देकर चार किशोरियों को दिल्ली ले गया था।
राउरकेला, जेएनएन। काम के बहाने दलालों द्वारा दिल्ली भेजी गई राउरकेला मालगोदाम अंचल की एक किशोरी बंधक बना ली गई है। जबकि उसकी तीन सहेलियां किसी तरह दलालों के चंगुल से छूटकर घर लौट आई हैं। तीनों की बातों को सुनकर परिवार के लोग बेटी की चिंता में डूबे हुए हैं।
तीन महीने पहले दलाल अच्छा काम व पैसा दिलाने का झांसा देकर चार किशोरियों को दिल्ली ले गया था। दिल्ली में उन्हें अलग-अलग घरों में काम पर लगाया गया पर दो महीने काम करने के बावजूद उन्हें पैसा नहीं दिया गया। पैसा मांगने पर उन्हें धमकी दी जाने लगी। वापस लौटी लड़कियों के अनुसार उनसे कहा गया कि दलाल अग्रिम लेकर चला गया है जब तक उनका दिया पैसा चुकता नहीं हो जाता तब तक नहीं छोड़ा जाएगा। इन सबके बीच तीन किशोरियां तो किसी तरह उनके चंगुल से छूट कर घर लौट आई हैं जबकि एक किशोरी दिल्ली में ही फंस गई है। तीनों लड़कियां दिल्ली में कहां थी पूरी जानकारी नहीं दे पा रही हैं। तीनों बहुत गरीब परिवार की हैं।