युवा कांग्रेस ने सीएम की गाड़ी पर फेंके टमाटर
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शुक्रवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक क
जागरण संवाददाता, पुरी : युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शुक्रवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की गाड़ी पर टमाटर फेंकने का मामला सामने आया है। खबर के मुताबिक मुख्यमंत्री नवीन पटनायक श्रीक्षेत्र धाम पुरी में विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा के लिए आयोजित समन्वय कमेटी की बैठक में भाग लेने के लिए जा रहे थे। उसी दौरान चक्रतीर्थ रोड स्थित आरटीओ कार्यालय के सामने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी पर टमाटर फेंककर अपना विरोध जताया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उक्त कार्यकर्ता को हिरासत में लिया।
इससे पहले पुलिस ने मुख्यमंत्री के पुरी दौरे को देखते हुए किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए 40 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था। इसके बावजूद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाकर विरोध जताने का भी मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री के पुरी दौरे पर कुछ अन्य संगठनों ने भी विरोध किया। जगन्नाथ सेना ने मुख्यमंत्री के दौरे के विरोध में श्रीमंदिर के सामने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने जगन्नाथ सेना के आवाहक प्रियदर्शी पटनायक को हिरासत में लिया। वहीं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए लुलू सेना द्वारा विरोध प्रदर्शन की आशंका के चलते पुलिस ने संगठन के सदस्यों को पहले ही हिरासत में ले लिया।