पुलिस मुठभेड़ में पुरी का कुख्यात सर्वेश्वर घायल
नगर के पिपिली ब्लॉक अन्तर्गत कंटी पंचायत के निजीगड़ कुरुखी गांव में शुक्रव
संवादसूत्र, पुरी : नगर के पिपिली ब्लॉक अन्तर्गत कंटी पंचायत के निजीगड़ कुरुखी गांव में शुक्रवार रात को हुई पुलिस से मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी सर्वेश्वर बेहरा उर्फ सरभा घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। गंभीर अवस्था में उसे स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कटक एससीबी मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है। इस मुठभेड़ में पुलिस ने सर्वेश्वर के सहयोगी राजेश पात्र को भी गिरफ्तार किया है। हालांकि सरभा का अन्य एक सहयोगी पुलिस को चकमा देकर भाग निकलने में सफल रहा। पुलिस ने कुख्यात सर्वेश्वर के पास काले रंग की पल्सर, पिस्तौल, गोली आदि को जब्त किया है। सर्वेश्वर उर्फ सरभा के खिलाफ जिले के कई थानों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पिपिली एवं पुरी बासेनी साही थाना पुलिस के संयुक्त प्रयास से दो अपराधियों को पकड़ने में सफलता मिली है। उल्लेखनीय है कि विगत अप्रैल में पुरी के पूर्व काउंसिलर सत्यभामा बेहरा पर गोली चलाने वाले अपराधियों में सर्वेश्वर शामिल था।