पुरी समुद्र तट पर हादसा, दो को लाइफगार्ड ने बचाया दो बह गए
पुरी समुद्र तट पर हुए एक हादसे में शुक्रवार की सुबह संबलपुर विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम के दो खिलाड़ी लहरों की चपेट में आकर समुद्र में समा गए।
संबलपुर (ओडिशा),[जागरण संवाददाता]।पुरी समुद्र तट पर हुए एक हादसे में शुक्रवार की सुबह संबलपुर विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम के दो खिलाड़ी लहरों की चपेट में आकर समुद्र में समा गए। पता चलने के बाद पुरी समुद्रतट थाना और लाइफगार्ड टीम की ओर से दोनों की तलाश जारी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनका कुछ पता नहीं चल सका था।
लापता छात्रों में एक सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला का आकाश खाका और दूसरा बलांगीर जिले के टिटिलागढ़ का यदुमणि शेखर हैं। जानकारी के अनुसार, विगत 16 जनवरी से भुवनेश्वर में विश्वविद्यालय स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट चल रहा है। इसमें संबलपुर विश्वविद्यालय की टीम भी शामिल है। शुक्रवार को मैच नहीं होने से संबलपुर टीम के आठ खिलाड़ी महाप्रभु श्रीजगन्नाथ के दर्शन करने के लिए पुरी गए और दर्शन करने के बाद श्रीचैतन्य चौक समीप पुरी समुद्रतट के जोन-9 में स्नान करने पहुंच गए। आठ में से चार खिलाड़ी स्नान करने समुद्र में उतरे थे तभी एक ऊंची लहर उन्हें बहाकर अपने साथ ले गई। यह देख अन्य साथी खिलाडि़यों ने सहायता के लिए शोर मचाया तब समुद्रतट पर तैनात लाइफगार्ड ने रीतिक जैन और नितिन को तो बचा लिया मगर आकाश खाका और यदुमणि शेखर को लहरों में तलाश नहीं कर पाए। इस हादसे के बाद दोनों खिलाडि़यों की तलाश जारी है। उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष भी छत्तीसगढ़ से पुरी आए कुछ फुटबॉल खिलाड़ी समुद्र में बह गए थे और बाद में उनका शव मिला था।