परियोजनाओं को लागू करने में मदद नहीं कर रही ओडिशा सरकार : गोयल
रेलमंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को बीजू जनता दल (बीजद) सरकार पर सीधा हमला बोला है।
जेएनएन, भुवनेश्वर : रेलमंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को बीजू जनता दल (बीजद) सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजद सरकार राज्य में महत्वपूर्ण योजनाएं लागू करने में केंद्र सरकार का सहयोग नहीं कर रही है। गोयल ने आरोप लगाया कि ओडिशा सरकार कई परियोजनाओं के समुचित क्रियान्वयन में मदद और आवश्यक सहयोग नहीं कर रही है। इसी का परिणाम है कि राज्य में अभी भी रेलवे का नेटवर्क खराब है। केंद्रीय मंत्री ने पुरी, आठगढ़ और केंद्रापाड़ा में आयोजित जनसभा में भाग लिया।
उन्होंने केंद्रापाड़ा लोकसभा सीट के महाकलपड़ा में रोड शो में भी हिस्सा लिया। केंद्रापाड़ा से भाजपा ने पूर्व सांसद वैजयंत पांडा को मैदान में उतारा है। गोयल ने कहा कि ओडिशा में रेलवे परियोजनाओं को लागू कर पाना लगभग असंभव हो गया है क्योंकि राज्य सरकार भूमि अधिग्रहण में सहयोग नहीं कर रही है। बीजद सरकार ने राज्य को पिछड़ेपन की ओर धकेल दिया है।