राज्यपाल ने बद्री मिश्र को रक्तवीर सम्मान से किया सम्मानित
सामाजिक कार्यकर्ता बद्री मिश्र को रक्तवीर सम्मान से सम्मानित किया गया है।
जासं, पुरी : सामाजिक कार्यकर्ता बद्री मिश्र को रक्तवीर सम्मान से सम्मानित किया गया है। गोपबंधु आयुर्वेदिक महाविद्यालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय रक्तदाता सम्मेलन के मौके पर राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल ने मिश्र को यह सम्मान प्रदान किया। गौरतलब है कि बद्री मिश्र 1977 से गरीब बच्चों को पढ़ाते आ रहे हैं। ओडिशा के अलावा देश के छह राज्य उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा, उत्तराखंड में भागवत कथा का प्रचार-प्रसार कर रहे मिश्र अब तक अब तक 102 बार रक्तदान कर चुके हैं। इसके अलावा 1977 से अब तक एक लाख से अधिक पौधरोपण एवं मुफ्त में शव दाह का कार्य भी करते हैं। इन सभी सामाजिक कार्यों के लिए पिछले साल उन्हें बीजू पटनायक साहसिकता पुरस्कार से नवाजा गया था। बद्री मिश्र सामाजिक कार्यों के साथ गीत लेखन भी करते हैं। ओडिशा में गीत कवि के रूप में प्रख्यात मिश्र को संगीत नाटक एकेडमी सम्मान भी मिल चुका है।