Jagannath Puri Rath Yatra 2021: छत के ऊपर से भी रथयात्रा देखने पर रोक, बड़दांड में होटल एवं लाज खाली करने के निर्देश
Jagannath Puri Rath Yatra 2021 बड़दांड में मौजूद होटल एवं लाज को रथयात्रा से दो दिन पहले ही खाली करने के निर्देश दे दिए गए हैं। पुरी जिलाधीश समर्थ वर्मा ने बड़दांड में घरों के छत के ऊपर से भी रथयात्रा देखने पर रोक लगा दी है।
पुरी, जागरण संवाददाता। जगन्नाथ धाम पुरी में छत के ऊपर से भी लोग रथयात्रा नहीं देख पाएंगे। यह जानकारी शनिवार को पुरी के जिलाधीश समर्थ वर्मा ने दी है। जिलाधीश ने कहा है कि रथयात्रा के लिए पुरी शहर में 144 धारा लगायी जाएगी। रथयात्रा से एक रात पहले एवं उसके अगले दिन अपराह्न तक यह नियम लागू रहेगा। बड़दांड के दोनों तरफ रहने वाले घरों की छतों पर रहकर भी किसी व्यक्ति को रथयात्रा देखने की अनुमति नहीं होगी क्योंकि यह भी कर्फ्यू के अधीन लिया गया है।
रथयात्रा के समय लोग अपने घर के अन्दर रहेंगे। जिलाधीश ने कहा है कि बड़दांड में मौजूद होटल, लाज को रथयात्रा के दो दिन पहले से ही खाली करने का निर्देश जारी किया गया है। शहर के अन्य इलाके में मौजूद होटलों में लोग रह सकते हैं, मगर कर्फ्यू के समय लोगों को बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी।
पुरी के एसपी कुंवर विशाल सिंह ने कहा है कि बड़दांड में 200 से अधिक घर हैं। इन घरों के छतों के ऊपर से रथयात्रा देखने के लिए लोगों को किसी भी कीमत पर अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा। लोगों को इस संदर्भ में जागरूक किया जाएगा। उसी तरह से बड़दांड में करीबन 41 होटल एवं लाज है। निर्णय के मुताबिक रथयात्रा से दो दिन पहले से ही पर्यटकों रखने या बुकिंग ना करने के लिए कहा गया है। बड़दांड में रहने वाले होटल एवं लाज को खाली किया जाएगा। होटल एवं लाज के मालिकों के साथ बैठक कर उन्हें जागरूक किया जाएगा।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण पिछले साल की तरह इस साल भी प्रदेश में केवल जगन्नाथ धाम पुरी में रथयात्रा निकालने की अनुमति दी गई है। बिना भक्तों के के बीच 12 जुलाई को रथयात्रा निकाली जाएगी। रथयात्रा के लिए रथ निर्माणा का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।