श्रीक्षेत्र धाम को प्लास्टिक मुक्त बनाने में जुटे पुरी जिलाधीश
श्रीक्षेत्र धाम पुरी को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जिलाधीश बलबंत सिंह ने मुहिम छेड़ रखी है।
जागरण संवाददाता, पुरी : श्रीक्षेत्र धाम पुरी को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जिलाधीश बलबंत सिंह ने मुहिम छेड़ रखी है। इस कड़ी में जिलाधीश शहर में कई कार्यक्रमों की शुरुआत करने समेत खुद भी प्लास्टिक मुक्त पुरी के लिए काम कर रहे हैं। इसके तहत उन्होंने पुरी के पौर सदन परिसर में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित कर शहरवासियों को प्लास्टिक के कुप्रभाव के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए इसका इस्तेमाल न करने की सीख दी। इस दौरान जिलाधीश ने शहर के होटलों व कल्याण मंडपों में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में प्लास्टिक का प्रयोग करने से बचने का आह्वान भी किया। कहा कि प्लास्टिक के प्रयोग से हमारा पर्यवारण बुरी तरह से प्रदूषित हो रहा है। इसका सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ता है। जिलाधीश ने कहा कि जागरूकता के जरिए ही प्लास्टिक प्रयोग से होने वाले नुकसान को बचाया जा सकता है। जिलाधीश ने वर्ष 2016 में प्लास्टिक को लेकर बने कानून को सख्ती से लागू किए जाने की भी बात कही। इस कार्यक्रम में विभिन्न संस्थान, पुरी होटल एसोसिएशन, लॉज हाउस संघ, अपार्टमेंट के मालिक, समुद्र किनारे के दुकानदार सहित बुद्धिजीवी शामिल थे।