प्रेमिका ने लगाई छलांग, प्रेमी गोली का शिकार
धमतरी। पुलिस रक्षित केंद्र रुद्री में पदस्थ महिला आरक्षक सुधा सांगले ने सोमवार को रुद्री बैराज में छलांग लगा दी। इसके बाद साथ घूमने गया आरक्षक सुमीत थापा पुलिस लाइन पहुंचा और अपने क्वार्टर में खुद को गोली मार ली।
सुमीत की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि गोताखोर देर शाम तक सुधा को बैराज में ढूंढ़ते रहे। पुलिस के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग का है।
28 वर्षीय आरक्षक सुमीत थापा और 20 साल की आरक्षक सुधा सांगले दोपहर को रुद्री बैराज घूमने के लिए गए थे। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आवेश में आकर सुधा करीब ढाई बजे बैराज में कूद गई।
सुमीत ने उसे बचाने की कोशिश की, मगर असफल रहा। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य आरक्षकों ने ड्यूटी पर तैनात मुंशी को इसकी जानकारी दी। फिर उसके कमरे का दरवाजा तोड़कर खून से लथपथ सुमीत को बाहर निकाला। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेकाहारा रेफर किया गया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर