ओडिशा में श्रीमंदिर के बाद दूसरे मंदिरों को खोलने के लिए उठ रही मांग
ओडिशा में पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर खोलने की अनुमति सरकार द्वारा दे दिए जाने के बाद भुवनेश्वर लिगराज सहित अन्य मंदिरों को भी भक्तों के लिए खोले जाने के लिए जनदबाव बढ़ने लगा है।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर : ओडिशा में पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर खोलने की अनुमति सरकार द्वारा दे दिए जाने के बाद भुवनेश्वर लिगराज सहित अन्य मंदिरों को भी भक्तों के लिए खोले जाने के लिए जनदबाव बढ़ने लगा है। इस पर सरकार ने स्पष्ट किया है कि पहले ही समस्त जिलाधीशों को धार्मिक स्थल खोले जाने के लिए अधिकार दिए गये हैं। जिलाधिकारी इलाके के समस्त पक्षों से चर्चा कर इस पर समुचित निर्णय ले सकते हैं। हालांकि प्रदेश के दूसरे मंदिर कब तक खुलेंगे इसे लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।
राज्य में मंदिरों को खोले जाने के लिए सेवायतों सहित भक्तों ने कई बार सरकार के समक्ष मांग रखी है। मगर इस पर कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिए जाने से भक्तों में नाराजगी बढ़ रही है। खासकर अन्य राज्यों में पूजा स्थलों को खोल दिया गया है। इसे लेकर भी भक्त नाराज चल रहे हैं। तकरीबन नौ महीने बंद रहने के बाद पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर को 23 दिसंबर से पुरी वासियों के लिए एवं 3 जनवरी से आम भक्तों के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है।
भक्तों का आरोप है कि राज्य सरकार इस मसले पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। जब पुरी मंदिर को खोलने का निर्णय लिया जा सकता है तो अन्य मंदिरों के बारे में टाल-मटोल क्यों किया जा रहा है। पुरी के बाद अब राजधानी के प्रसिद्ध लिगराज मंदिर को खोलने के लिए मांग उठने लगी है। भक्तों का कहना है कि कोविड नियम पालन करते हुए उन्हें भगवान के दर्शन करने की अनुमति यथाशीघ्र मिलनी ही चाहिए।