सुनील शेट्टी व महिमा चौधरी को देखने उमड़े लोग
शहर के ओरिएंट पेपर मिल स्विमिग पूल मैदान में आयोजित बीजद की चुनाव
संवाद सूत्र, ब्रजराजनगर : शहर के ओरिएंट पेपर मिल स्विमिग पूल मैदान में आयोजित बीजद की चुनावी सभा में शामिल बॉलीवुड के अभिनेता सुनील शेट्टी एवं अभिनेत्री महिमा चौधरी को देखने नगरवाी उमड़ पडे़। बीजद के नगर अध्यक्ष जयंत दीक्षित व राज्य कार्यकारिणी सदस्य विश्वनाथ नायक ने सुनील व महिमा का स्वागत किया। सभा में बरगढ़ लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार प्रसन्न आचार्य, ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार किशोर महंती व झारसुगुड़ा उम्मीदवार नवकिशोर दास उपस्थित थे। लेकिन सभा के केंद्र में मुंबई से आए अभिनेता सुनील शेट्टी एवं अभिनेत्री महिमा चौधरी ही रहे।
किशोर महंती ने ब्रजराजनगर में पहली बार बीजद के उम्मीदवारों को जिताने का आग्रह किया। स्वयं को विधानसभा एवं प्रसन्न आचार्य को लोकसभा में भेजने की अपील की। झारसुगुड़ा उम्मीदवार नवदास ने कहा की झारसुगड़ा एवं ब्रजराजनगर को ट्विन सिटी का रूप दिया जाएगा। वे तथा किशोर महंती एक दूसरे की आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास करेंगे। महिमा चौधरी के माइक संभालने पर लोगों ने भारी उनका स्वागत किया। महिमा ने फिल्मी गीत सुना कर लोगों को बाग-बाग कर दिया। सुनील शेट्टी ने बताया कि अपने दोस्त नवदास के कहने पर वह यहां आए हैं। उन्होंने पूरे इलाके की उन्नति के लिए बीजद के तीनों उम्मीदवार नवकिशोर दास, किशोर महंती एवं प्रसन्न आचार्य को भारी बहुमत से जिताने का आग्रह किया। लोकसभा उम्मीदवार प्रसन्न आचार्य कहा की प्रदेश की चौकीदारी करने में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पूरी तरह सक्षम है। जिले की चौकीदारी के लिए नवदास एवं किशोर महंती को जिताने का आग्रह किया। इलाके की समस्याओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाने के लिए उन्होंने स्वयं को लोकसभा में भेजने का आग्रह किया। दोपहर में भारी गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों सभा में उपस्थित थे।