इनोविजन-2018 में बच्चों ने दिखायी प्रतिभा
स्थानीय घनश्याम हेमलता विद्यामंदिर में शनिवार को वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी इनोविजन-2018 का आयोजन किया गया।
संवाद सूत्र, झारसुगुड़ा : स्थानीय घनश्याम हेमलता विद्यामंदिर में शनिवार को वार्षिक विज्ञान प्रदर्शनी इनोविजन-2018 का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न मॉडल के जरिए अपनी वैज्ञानिक सोच व प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों के मॉडलों की अतिथियों ने भी सराहना की तथा उनके प्रोजेक्ट के बारे जानकारी हासिल कर अपनी जिज्ञासा को शांत किया। इस प्रदर्शनी में विज्ञान विभाग में 50, सामाजिक विज्ञान में 26, परिवेश विज्ञान में 47, गणित में 22, कंप्यूटर विज्ञान में 18 एवं वाणिज्य विभाग में 17 प्रोजेक्ट शामिल रहे। प्रदर्शनी में एक्सप्लोर द वर्ल्ड वियांड द वर्ल्ड, प्रोजेक्ट आकर्षण का केंद्र रहा। इस प्रोजेक्ट के संबंध में स्कूल के हेड ब्वॉय गौतम झा तथा हेड गर्ल जिया राय ने बताया ई-लर्निंग के माध्यम से सभी विषय की जानकारी हासिल की जा सकती है। इसके अलावा चित्रकला व साहित्य के मॉडलों में भी विद्यार्थियों की प्रतिभा झलकी। निर्णायकों ने प्रदर्शन को मेक इन इंडिया का रूप बताया। प्रदर्शनी में बतौर मुख्य अतिथि एलएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चिरव्रत दत्त एवं सम्मानित अतिथिलायंस क्लब के अध्यक्ष इं. हरीशचंद्र गुप्ता का प्राचार्य संयुक्ता दास ने गुलदस्ता प्रदान कर स्वागत किया।