आंधी से उड़ी घरों की छत, मदद की गुहार
शहर व आसपास के इलाके में तेज आंधी चलने से एक दर्जन से अधिक घरों की छत उड़ गई।
जासं, राउरकेला : शहर व आसपास के इलाके में तेज आंधी चलने से एक दर्जन से अधिक घरों की छत उड़ गई। इससे प्रभावितों के घर में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचा है। तहसीलदार से मिलकर प्रभावित लोगों ने मदद की गुहार लगाई है। उल्लेखनीय है कि विगत तीन दिनों से क्षेत्र में आंधी एवं बारिश का दौर जारी है। इसी दौरान गोपबंधुपल्ली पुलिस चौकी के पास एक दर्जन से अधिक झुग्गी-झोपड़ियों की छत आंधी के कारण उड़ गई। इन प्रभावितों में कई लोग दूसरे के घरों में आश्रय लिए हुए है। प्रभावित लोगों ने तहसीलदार से मिलकर सहायता की गुहार लगाई है। आंधी से लाठीकटा ब्लाक के एरगड़ा, कुलामुंडा, बलानी आदि गांवों में भी घरों को काफी नुकसान पहुंचा है। बड़ी संख्या में पेड़ गिर गए हैं। लाठीकटा स्थित भारत गैस के गोदाम का एसबेस्टस भी आंधी में उड़ गया।