Move to Jagran APP

शासन-प्रशासन के खिलाफ भाजपा विधायक ने खोला मोर्चा

आगामी 24 जनवरी को झारसुगुड़ा विस क्षेत्र में प्रस्तावित कैंसर अस्पताल का शिलान्यास करने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक आ रहे हैं। लेकिन इससे पहले ही भाजपा विधायक राधारानी पंडा ने अस्पताल स्थल को लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है।

By JagranEdited By: Published: Sun, 20 Jan 2019 07:39 AM (IST)Updated: Sun, 20 Jan 2019 07:39 AM (IST)
शासन-प्रशासन के खिलाफ भाजपा विधायक ने खोला मोर्चा
शासन-प्रशासन के खिलाफ भाजपा विधायक ने खोला मोर्चा

जेएनएन, झारसुगुड़ा/ब्रजराजनगर : आगामी 24 जनवरी को झारसुगुड़ा विस क्षेत्र में प्रस्तावित कैंसर अस्पताल का मुख्यमंत्री नवीन पटनायक शिलान्यास करने आ रहे हैं। लेकिन कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखे जाने से पूर्व ही इसके स्थल को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सह ब्रजराजनगर की विधायक राधारानी पंडा ने शासन-प्रशासन पर क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए सीधा मोर्चा खोल दिया है। विधायक ने कहा है कि उन्होंने ब्रजराजनगर या बंधबहाल में कैंसर अस्पताल बनाने के लिए प्रस्ताव दिया गया था लेकिन जिलाधीश ने मनमाने तरीके से इसका निर्माण स्थल झारसुगुड़ा कर दिया जो खदान प्रभावित ब्रजरानगर क्षेत्र की सीधे तौर पर अनदेखी है। विधायक ने इस मसले में खदान प्रभावित क्षेत्र के लिए गठित डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड (डीएमएफ) की राशि खर्च में भी सौतेला व्यवहार किए जाने को आरोप लगाते बोर्ड के सदस्य पद से भी इस्तीफा दे दिया है। साथ ही कहा है कि मुख्यमंत्री के दौरे का भाजपा पुरजोर तरीके से विरोध करेगी।

loksabha election banner

मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक ने बताया कि खदान से सीधे प्रभावित हो रहे ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। डीएमएफ की राशि अन्य अंचल में खर्च की जा रही है। विधायक ने कहा कि ब्रजराजनगर की उपेक्षा कर झारसुगुड़ा में कैंसर अस्पताल की स्थापना का विरोध करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। कोर्ट के आदेश की अवमानना कर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक इसका शिलान्यास करने आ रहे हैं। इसका हर तरह से विरोध किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के झारसुगुड़ा दौरे का भी विरोध करने की बात कही। विधायक ने कहा की खान ब्रजरानगर में हैं एवं वहीं से खनन होता है। इसके बावजूद फंड का उपयोग ब्रजराजनगर में न कर झारसुगुड़ा में किया जा रहा है। जबकि खदानों की वजह से 106 गांव प्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हो रहे हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि चालाकी से सीधे प्रभावित होने वाले गांवो की संख्या बढ़ाकर लैयकरा, कोलाबीरा, किरमिरा अंचल को शामिल कर दिया गया एवं वहां डीएमएफ की राशि को खर्च किया जा रहा है। हमने कैंसर, हार्ट, ट्रॉमा सेंटर व सुपरस्पेशलिटी अस्पताल की स्थापना ब्रजराजनगर व बेलपहाड़ क्षेत्र में करने का प्रस्ताव दिया था पर उक्त प्रस्ताव पर ध्यान नहीं दिया गया। जिलाधीश का रवैया इसमें मनमाना रहा।

विधायक ने कहा कि झारसुगुड़ा हवाई अड्डा के विकास में भी डीएमएफ से 36 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं बिना अनुमोदन के पेयजल परियोजना का काम शुरू किया गया है जिसका उन्होंने विरोध किया। उन्होंने बताया कि अब तक संग्रह डीएमएफ राशि से मात्र 15 फीसद राशि खर्च की गई है। 14 अगस्त 2018 को उच्च न्यायालय ने प्रस्तावित कैंसर अस्पताल के निर्माण पर 6 माह तक रोक लगाने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद इसका शिलान्यास करने के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित करना कोर्ट की अवमानना है। बेलपहाड़ के गुमाडेरा शनि मंदिर के पास जमीन उपलब्ध कराने के बाद भी वहां कैंसर अस्पताल निर्माण की दिशा में कदम नहीं उठाया गया। इसी वजह से उन्होंने बोर्ड के सदस्य पद से इस्तीफा दिया है और क्षेत्र के विकास के लिए संघर्ष करती रहेंगी। संवाददाता सम्मेलन में जिला परिषद सदस्य श्यामल नायक, दिनेश जैन, सुशील पुरोहित, सुनील पंडा, रघुनंदन पंडा व प्रदीप पटेल आदि लोग शामिल थे।

कैंसर अस्पताल में भ्रांति फैला रहे लोग : नवकिशोर दास

इधर, विधायक नवकिशोर दास ने कैंसर अस्पताल को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष के बयान को भ्रांति फैलाने वाला बताया है। विधायक ने कहा कि शहरवासियों की मांग पर राज्य सरकार ने झारसुगुड़ा में कैंसर अस्पताल निर्माण का निर्णय लिया है। यह पूरे ओडिशा, खासकर पश्चिम ओडिशा के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। कुछ स्वार्थी तत्व अपने फायदे के लिए इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं एवं रोड़ा अटका रहे हैं। लोगों को भ्रमित करने का भी प्रयास किया जा रहा है। यहां कैंसर अस्पताल का निर्माण न हो इसके लिए उच्च न्यायालय में याचिका (3008/2018) दायर की गई। इस पर अदालत ने 14 अगस्त 2018 को अपनी राय दी। कहा कि सरकारी स्तर पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिया जाए तथा तब तक यथास्थिति बनाये रखने का निर्देश दिया था। स्वास्थ्य विभाग ने उक्त याचिका को 7 नवंबर को रद किया था। मुख्यमंत्री के द्वारा शिलान्यास का कार्यक्रम अदालत की अवमानना कहना गलत है। राजनीतिक उदेश्य से इसका गलत प्रचार किया जा रहा है। विधायक दास ने बताया कि कैंसर अस्पताल के निर्माण में डीएमएफ से 145.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और प्रथम चरण के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को 10 करोड़ रुपये प्रदान किया जा चुका है। कैंसर अस्पताल के निर्माण में राजनीति से ऊपर उठकर सभी को काम करना चाहिए एवं इसका स्वागत करना चाहिए।

23 को ब्रजराजनगर 12 घंटे बंद का ऐलान

जिला प्रशासन पर ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय विधायक राधारानी पंडा ने आगामी 23 जनवरी को ब्रजराजनगर विस क्षेत्र बंद का आह्वान किया है। स्थानीय अग्रसेन भवन में शनिवार को ब्रजराजनगर व्यापारी संघ के अध्यक्ष बाबूलाल रूंगटा की अध्यक्षता में आयोजित भाजपा की सर्वदलीय बैठक में विधायक ने कहा की जिला खनिज निधि का पैसा प्रशासन द्वारा क्षेत्र के बजाय अन्य इलाकों के विकास के लिए खर्च किया जा रहा है। बार बार विरोध करने के बावजूद प्रशासन राज्य सरकार के इशारे पर इस निधि का उपयोग करने में क्षेत्र की उपेक्षा कर रहा है। नियमानुसार निधि का उपयोग खदान प्रभावित इलाकों में होना चाहिए। कोयला खदानों की बहुतायत के कारण इस इलाके में कैंसर रोग के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए यहां कैंसर अस्पताल स्थापित करने का उनका अनुरोध टालकर प्रशासन ने अस्पताल को झारसुगुड़ा में स्थापित करने का निर्णय लिया है। विधायक ने कहा कि जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार के इस रवैये का विरोध करते हुए आगामी 23 जनवरी को ब्रजराजनगर विधानसभा क्षेत्र में 12 घंटे का बंद रखा जाएगा। सुबह 6:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक यह बंद जारी रहेगा। बैठक में भाजपा के जिला महासचिव अनिल नायक एवं रघुनंदन पंडा, मंडल अध्यक्ष सुनील दास सहित सुशील पुरोहित, भगवान दास, सुरेंद्र राय, हरिश्चंद्र वाधवा, पारसनाथ साहू, सुनीता इनानी, ब्यूटी श्रीवास्तव. बबलू यादव, कृष्ण मुरारी ¨सह, डॉ. गिरीश राउत, श्लोक सरना प्रमुख शामिल थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.