नवीन सरकार को सत्ता से बेदखल करना लक्ष्य: खारवेल स्वांई
चिटफंड घोटालों में बीजद के नेता एक के बाद एक जेल जा रहे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक उन्हें दंड दिलाने, पार्टी से निकालने के बजाय उनके रक्षा कवच बने हुए हैं।
झारसुगुड़ा, जेएनएन। उत्कल भारत के अध्यक्ष खारवेल स्वांई ने नवीन पटनायक सरकार को भ्रष्ट व निकम्मी सरकार बताकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी इस सरकार को सत्ता से बेदखल करना ही उनका लक्ष्य है। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए स्वांई ने कहा कि नवीन पटनायक सरकार ने राज्य के लोगों को एक रुपये किलो चावल, पांच रुपये में डालमा-भात व किसानों को मोबाइल फोन बांटकर निकम्मा बना दिया है।
दूसरी ओर राज्य के कल-कारखाने एक के बाद एक बंद होने से यहां के लोग बेरोजगार हो रहे हैं। इससे रोजी-रोटी के लिए उन्हें दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ रहा है। चिटफंड घोटालों में बीजद के नेता एक के बाद एक जेल जा रहे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री नवीन पटनायक उन्हें दंड दिलाने, पार्टी से निकालने के बजाय उनके रक्षा कवच बने हुए हैं। स्वांई ने कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने सरकार के भ्रष्टाचार व जन विरोधी नीतियों के खिलाफ व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाकर इस सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है। पीडब्ल्यूडी डाकबंगला में हुई इस प्रेसवार्ता में उत्कल भारत के संबलपुर जिला महासचिव शालीग्राम साहू, ब्रजराजनगर शाखा के ई भगवान साहू तथा झारसुगुड़ा जिला के नवनियुक्त अध्यक्ष देवानंद बारिक उपस्थित रहे।