खराब मौसम के दिल्ली की उड़ान रद, यात्री परेशान
खराब मौसम के कारण शनिवार को झारसुगुड़ा से विमान सेवा रद्द कर दी गई थी।
संवाद सूत्र, झारसुगुड़ा : खराब मौसम के कारण शनिवार को झारसुगुड़ा से विमान सेवा रद्द कर दी गई थी। इसके कारण वीर सुरेन्द्र साय विमानतल में अपेक्षारत यात्री को हताश होना पड़ा। गुस्साए यात्रियों ने काफी समय तक विमान तल में हो हल्ला भी किया। वहीं कुछ यात्रियों ने आज के बदले कल स्पाईजेट के विमान से ही दिल्ली जाने की व्यवस्था कराने की मांग भी की। जिन यात्रियों का जरुरी काम था वह यहां से भुवनेश्वर व रायपुर जा कर अपनी आगे की यात्रा की। प्रति दिन की तरह शनिवार को भी दिल्ली से आने वाली स्पाईजेट का विमान झारसुगुड़ा में 3.10 में उतरने वाला था। दिल्ली से उक्त विमान सही समय में उड़ा और झारसुगुड़ा विमानतल पहुचंने के बाद यहां उतरने का भी प्रयास किया था। मगर हो रही वर्षा व धुंध की वजह से विजिबिलिटी बहुत कम थी जिसके कारण विमान रनवे पर उतर नहीं पाया। कुछ समय विमानतल के उपर ही चक्कर काटने के बाद वाराणसी चला गया। बाद में संध्या को एक बार फिर से विमान वाराणसी से झारसुगुड़ा पहुंचा मगर वह धुंध व वर्षा के कारण उतर नहीं पाया। इसके बाद विमानतल प्रबंधन ने दिल्ली की उड़ान रद्द होने की घोषणा की। इसके बाद यात्रियों ने शोर गुल मचाया था। यहां विमान के ना उतरने से दिल्ली से आने वाले यात्रियों के परिजन जो लेने पहुंचे थे वह भी असमंजस मे फंस गए। झारसुगुड़ा विमानतल में प्रतिकूल मौसम में भी विमान उड़ व उतर सके के लिए यहां आईएलएस कही स्थापना जरुरी हो गई है। वहीं भुवनेश्वर जाने वाला विमान भी घंटो रनवे पर ही खड़ा रहा।