असहाय महेंद्र की मदद को आगे आए डॉ. राणा
पेड़ से गिरने के बाद लकवा से पीड़ित महेंद्र की सहायता व उसके इलाज के लिए डॉ. प्रकाश चंद्र राणा ने हाथ बढ़ाया है।
संवाद सूत्र, झारसुगुड़ा : पेड़ से गिरने के बाद लकवा से पीड़ित महेंद्र की सहायता व उसके इलाज के लिए झारसुगुड़ा दिव्यांग महासंघ व वर्षा न्यूरो रिहैब सेंटर ने हाथ बढ़ाया है। इसके अध्यक्ष डॉक्टर प्रकाश चंद्र राणा ने महेंद्र को निश्शुल्क फिजियोथेरेपी चिकित्सा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। साथ ही बिस्तर में पड़े रहने से महेंद्र की जांघ में हुए घाव को देखते हुए एयर बेड देने की भी बात कही है। नगरपालिका के वार्ड नंबर आठ के पंचपडा अंचल मे रहने वाला महेंद्र बाग (35) करीब एक माह पहले पेड़ से गिर गया था जिससे उसके मेरुदंड में चोट लगने से वह बिस्तर में पड़ा है। उसके इलाज में काफी रुपये खर्च होने से परिवार कष्ट में है। डॉक्टर राणा को जब महेंद्र के बारे में पता चला तो वे उससे मिलकर संघ की ओर से इलाज कराने का भरोसा दिया है। इससे परिजनों में महेंद्र के स्वस्थ होने तथा फिर से चलने-फिरने की उम्मीद जगी है।