महेंद्र नायक पर सियासी दलों की नजर
आगामी आम चुनाव को अब मात्र कुछ महीने ही शेष हैं। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक जिले का दौरा कर चुनावी बिगुल फूंक चुके हैं।
संवाद सूत्र, झारसुगुड़ा : आगामी आम चुनाव को अब मात्र कुछ महीने ही शेष हैं। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक झारसुगुड़ा आकर चुनावी बिगुल फूंक चुके हैं। इसी बीच कांग्रेस के नेता तथा पूर्व विधायक नवकिशोर दास के पाला बदल कर बीजू जनता दल में शामिल हो जाने से जिले का राजनीतिक समीकरण अब करवट लेता दिख रहा है। लगभग 50 फीसद आदिवासी बहुल झारसुगुड़ा जिले में अब सभी राजनीतिक दलों की नजर इन मतदाताओं पर आकर टिक गई है।
सियासी रणनीतिकारों का मानना है कि आदिवासी उम्मीदवार होने से न सिर्फ समाज का एक मुश्त वोट मिलेगा बल्कि जीत भी सुनिश्चित होगी। इसी रणनीति के तहत आदिवासी संगठक महेंद्र नायक पर सभी पार्टियों ने नजर गड़ा रखी है। हालांकि महेंद्र बाबू किस दल मे शमिल होंगे, यह अभी तक उनकी ओर से स्पष्ट नहीं हुआ है।
उल्लेखनीय है कि हाल मे ही सरकारी नौकरी से स्वेच्छा से अवकाश लेने वाले एवं ब्रजराजनगर निवासी महेंद्र बाबू का नाम 2014 के चुनाव में भी खूब उछला था लेकिन उस वक्त किसी कारण वश वे चुनाव नहीं लड़े थे। मगर अब ठीक चुनाव से पहले महेंद्र बाबू का सरकारी नौकरी छोड़ना उनके चुनाव लड़ने की संभावना बढ़ गई है। इस दिशा मे उन्होंने ने प्रयास भी शुरू कर दिया है। हाल ही में कोलाबीरा मे गंढ समाज के एक समावेश मे मुख्यमंत्री को आमंत्रित कर वे अपनी सियासी इच्छा जाहिर कर चुके हैं। इससे पहले भी बीटीएम मे आयोजित अखिल भारतीय गौंडवाना महासभा मे भी उन्होंने ने मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया था। जिससे उनके सियासी मंशूबे को समझा जा सकता है। इसी वजह से उनके झारसुगुड़ा या ब्रजराजनगर से बीजद की टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावना है। लेकिन हाल मे ही नवकिशोर के बीजद मे शामिल होने से अब महेंद्र बाबू बीजद नही बल्कि कांग्रेस या फिर भाजपा मे जा सकते हैं, चर्चा जोरों पर है। उनके कांग्रेसी समर्थक जहां हाथ का साथ देने का दबाव बना रहे हैं तो कुछ समर्थकों को मन अपने नेता को भाजपा से चुनाव लड़ाने का है। हालांकि महेंद्र के करीबियों की माने तो नायक जल्द ही अपने सियासी ठिकाने पता जग जाहिर करेंगे। वैसे महेंद्र बाबू की संागठनिक क्षमता किसी से छुपी नहीं है और वह चुनाव मैदान मे उतरते है तो प्रतिद्वंद्वियों के लिए बड़ी चुनौती बनेंगे, इससे इनकार नहीं किया जा सकता है।