चुनाव में बीजद को सबक सिखाएगी जनता : प्रधान
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा पूर्वांचल के विकास के साथ पश्चिम ओडिशा का सर्वागीण विकास भी जरूरी है।
झारसुगुड़ा, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो बीड़ा पूर्वांचल के विकास के लिए उठाया है उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। पूर्वांचल के विकास के साथ खासकर पश्चिम ओडिशा का सर्वागीण विकास भी जरूरी है। पश्चिम ओडिशा में लोहा, कोयला व एल्यूमीनियम जैसी प्राकृतिक खनिज संपदा भरी है और इसलिए यहां कल-कारखाना भी बने हैं। इन सबके उत्थान में झारसुगुड़ा विमानतल मुख्य भूमिका निभाएगा। यह बातें केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शहर स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में कही।
प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 22 सितंबर को झारसुगुड़ा विमानतल का उड़ान सेवा के साथ शुभारंभ करेंगे। यहां से रायपुर व भुवनेश्वर के लिए उड़ान सेवा आरंभ होगी और जल्द ही दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, मद्रास-बेंगलुरु जैसे अन्य प्रमुख शहर के लिए विमान सेवा भी आरंभ होगी। इस संबंध में स्पाइस जेट व इंडिगो विमान कंपनी के मालिकों को बुलाकर बात कर उनसे यहां से सीधी विमान सेवा शुरू करने के लिए अनुरोध किया गया है।
उन्होंने आश्वासन दिया है कि वे झारसुगुड़ा जाकर वहां की स्थिति व कारोबार का अनुसंधान करेंगे। लगातार पेट्रोल कीमतों में वृद्धि के सवाल पर प्रधान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल कंपनियों का उत्पादन कम हो गया है। वहीं डालर मूल्य वृद्धि से रुपये की कीमत भी गिर रही है। यही कारण है कि तेलों के दाम में बढ़ोत्तरी हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों को टैक्स कम करना चाहिए। कुछ राज्यों ने यह कर भी दिया है। राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक दो मुंही नीति अपना रहे हैं। भ्रष्टाचारियों को बचाने हर संभव उपाय कर रहे हैं। जबकि कहते हैं कि वे भ्रष्टाचार व परिवारवाद को पनाह नहीं देते हैं लेकिन भ्रष्टाचारी मंत्री, नेता आदि को बचा रहे हैं।
देश को हमेशा से ठग रही कांग्रेस
प्रधान ने कहा कि कांग्रेस हमेशा देशवासियों को ठगती आ रही है। कांग्रेस परिवारवाद व भ्रष्टाचार की जननी है। प्रधान ने ओडिशा की बीजद सरकार को शताब्दी की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया। कहा कि ओडिशावासी इनकी होशियारी समझ चुके है और आगामी चुनाव में बीजद को सबक सिखाएंगे।