झारसुगुड़ा जिले में दूसरे कोरोना पॉजिटिव की हुई पहचान
झारसुगुड़ा जिले में रविवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।
संवाद सूत्र, ब्रजराजनगर : झारसुगुड़ा जिले में रविवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। रविवार को पाजिटिव पाई गई 40 वर्षीय महिला ल़खनपुर ब्लॉक के कोड़ालोई पंचायत के दहलडेरा गांव की रहने वाली है।
जिलाधीश सरोज कुमार सामल ने बताया कि उक्त महिला अपनी बहन की पुत्री के प्रसव के लिए 21 अप्रैल को सुंदरगढ़ जिले के बनपाली गांव गई थी एवं 26 अप्रैल को वापस अपने गांव लौटी थी। गांव वालों से उसके सुंदरगढ़ से लौटने की सूचना पाकर उसे घर मे ही क्वारंटाइन किया गया था। महिला ने भी सभी निर्देशों का पालन करते हुए पूरी अवधि में घर में ही रही। रविवार को महिला की जांच रिपोर्ट आई जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। सुंदरगढ़ में उक्त महिला अस्पताल गई थी या नहीं इसका खुलासा नही हो पाया है। सुंदरगढ़ जिलाधीश के संपर्क में रहते हुए यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वह वहां पर किस किस के संपर्क में आई थी। जिलाधीश ने जिले का यह दूसरा मामला पाए जाने के बाद भी किसी को आतंकित न होने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। कहा कि कोरोना संक्रमित महिला के गांव दहलडेरा को कंटेनमेंट जोन घोषित करने के बारे में समीक्षा की जा रही है। कहा कि जिले के दोनों पॉजिटिव मामले बाहरी संक्रमण के है। इसलिए जिलावासियों को चितित होने की आवश्यकता नही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 23 अप्रैल शाम को अपने परिवार के साथ कार में कोलकाता से आई एक 18 वर्षीय युवती का नमूना पॉ•िाटिव पाया गया था। वह बूढ़ीजाम निवासी अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने ब्रजराजनगर आई थी। जिले से बड़ी तादाद में नमूने जांच के लिए भेजे गए है। इनकी जांच रिपोर्ट आने तक जिलावासियों में दहशत का माहौल है।