झारसुगुड़ा में कोरोना की दस्तक, एक मरीज सामने आया
झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर के बूढ़ीजाम इलाके की एक 18 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
संवाद सूत्र, ब्रजराजनगर : झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर के बूढ़ीजाम इलाके की एक 18 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यह जानकारी बुधवार को जिला प्रशासन की ओर से दी गई। पीडिता मूलरूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता की निवासी बताई गई है।
बूढ़ीजाम इलाके के एक युवक की विगत 22 अप्रैल को बेलपहाड़ के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर कोलकाता में रहने वाले उसके माता-पिता, बहन तथा अन्य रिश्तेदार पिछले गुरुवार को ब्रजराजनगर पहुंचकर उसके अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद ब्रजराजनगर नगरपालिका के कार्यनिर्वाही अधिकारी दिलीप पटेल, एसडीपीओ दिलीप दास, झरसुगुड़ा तहसीलदार दिलीप प्रधान तथा ओरिएंट थाना अधिकारी सारंगधर पाणिग्राही आदि ने मृतक के घर पहुंच कर कोलकाता से आए लोगों का स्वाब नमूना लेकर सभी को होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया था। बुधवार को आई रिपोर्ट में 18 वर्षीय युवती कोरोना पाजिटिव पाई गई। नगरपालिका के कार्यनिर्वाही अधिकारी दिलीप पटेल ने बताया कि पहली जांच में उक्त युवती पॉजिटिव पाई गई है। उसकी अगली जांच के बाद मामला स्पष्ट हो पाएगा। झारसुगुड़ा जिले में पहला मामला सामने आने के बाद प्रशासन एलर्ट हो गया है। इस संबंध में झारसुगुड़ा के जिलाधीश सरोज कुमार सामल ने बताया कि उक्त युवती 23 अप्रैल को शाम को अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार के चार सदस्यों के साथ कोलकाता से टाटा सूमो में आई थी। अगले दिन शुक्रवार को सभी का स्वाब नमूना लिया गया एवं आज आई रिपोर्ट में युवती को पॉजिटिव पाया गया। चारो को होम क्वारंटाइन में रखा गया था। युवती को झारसुगुडा के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है एवं अन्य सभी पर नजर रखी जा रही है। इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित किए जाने पर विचार किया जा रह है। साथ ही इनके संपर्क में आने वालों की छानबीन की जा रही है।