महामानव ने प्रकट हो की मानवता की रक्षा : केशवानंद
नगर के बस स्टैंड स्थित मानव धर्म सत्संग आश्रम में संचालक महात्मा चंद्र केशवानं
संसू, ब्रजराजनगर : नगर के बस स्टैंड स्थित मानव धर्म सत्संग आश्रम में संचालक महात्मा चंद्र केशवानंद की अध्यक्षता में शुक्रवार को आश्रम के संस्थापक सदगुरु श्री सतपालजी महाराज का 68वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर केशवानंद ने कहा कि अज्ञानता एवं जड़त्व के वशीभूत होकर जब भी मानव समाज जीवन के संकट एवं विनाशकारी चुनौतियों के सामने स्वयं को विवश एवं असहाय महसूस किया है तब किसी महामानव ने प्रकट होकर मानवता की रक्षा की है। इसी कड़ी में 21 सितंबर 1951 को सदगुरु श्री सत्पालजी महाराज ने हरिद्वार के कनखल में इस धरती पर पदार्पण किया। विश्व कल्याण के लिए अध्यात्मिकता के प्रचार-प्रसार की आवश्यकता को समझते हुए वे बाल्यावस्था से ही इस कार्य में जुट गए तथा देश में मानव धर्म सत्संग आश्रम की स्थापना कर आमलोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ने का महती कार्य करते हुए मानव को अंधकार से निकलकर प्रकाश की ओर ले जाने का मार्ग प्रशस्त किया। अपने प्रवचनों के माध्यम से उन्होंने देश-विदेश में मानव मात्र को अज्ञान, अंधकार तथा अंधविश्वास से निकालकर भगवत प्राप्ति की सच्ची राह दिखाने का प्रयास किया गया। आयोजन में आश्रम के जिला प्रभारी शिव सेवक शुक्ला, सचिव हजारीलाल, शाखा प्रभारी राजेंद्र ¨सह, लव कुमार संत चरण, छबिल रोहिदास रामप्यारे चौबे, मेवालाल शाह, रायगढ़ से कृष्णचंद्र वैष्णव, देवगढ़ से सुरेश मेहेर, संबलपुर से संतोष रोहिदास आदि श्रद्धालु शामिल हुए।