पांच करोड़ 87 लाख से बनेगा लोटस पुल
बंजारी पंचायत के ग्रिन्दोला गांव के नजदीक लोटस पुल के पुनर्निर्माण के लिए शुक्रवार को भूमिपूजन किया गया।
संवाद सूत्र, ब्रजराजनगर : क्षेत्रीय बंजारी पंचायत के ग्रिन्दोला गांव के नजदीक लोटस पुल के पुनर्निर्माण के लिए शुक्रवार को बरगढ़ के सांसद सुरेश पुजारी तथा स्थानीय विधायक किशोर महांती द्वारा भूमिपूजन किया गया। इस दौरान ग्रिन्दोल से काउदरा के नजदीक मणिकेश्वरी मंदिर तक की सड़क का भी पुनर्निर्माण होना है। जिला खनिज निधि के माध्यम से 5 करोड़ 87 लाख रुपए खर्च करने की योजना है। लोटस पुल के निर्माण के बाद बेलपहाड़ से सुंदरगढ़ जिले के हिमगिरी जाने का सीधा मार्ग प्रशस्त हो जाएगा और हजारों लोगों को सहूलियत होगी। सांसद पुजारी ने पुल का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है कि लोटस पुल 23 जून 2018 को बारिश के कारण ढह गया था। तब से बेलपहाड़ से हिमगिरी आना जाना ठप हो गया था। जबकि बड़ी संख्या में विद्यार्थी हिमगिरी से बेलपहाड़ कॉलेज पढ़ने आना-जाना करते हैं। किसानों को भी बेलपहाड़ आवागमन के लिए सड़क की नितांत आवश्यकता पड़ती है। इस पुल के बन जाने से इन सबके साथ-साथ एमसीएल की वसुंधरा क्षेत्र की खदानों में कार्यरत कर्मचारियों को भी सहूलियत मिलेगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में लखनपुर ब्लॉक अध्यक्ष शांति प्रधान, जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकजनी प्रधान, पीडब्ल्यूडी की सहायक अभियंता गायत्री पटेल, बंजारी सरपंच कृष्ण चंद्र सेठ, चारपाली सरपंच प्रदीप बिस्वाल, प्रमोद सेनापति, श्यामसुंदर सत्पथी, पारसनाथ जायसवाल, शंभू महांती, रघुनंदन पंडा, गुणनिधि दंडसेना, अमरेंद्र राय प्रमुख उपस्थित थे।