नाई समाज ने मांगी सैलून खोलने की इजाजत
भारतीय नाई समाज के पदाधिकारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नाम से एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर सैलून व ब्यूटी पार्लर खोलने की इजाजत देने की मांग की है।
संसू, ब्रजराजनगर : भारतीय नाई समाज के पदाधिकारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नाम से एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर सैलून व ब्यूटी पार्लर खोलने की इजाजत देने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि लंबे समय तक उनकी दुकानें बंद रहने से उनके परिवार का जीवन यापन मुश्किल हो गया है। सैलून बंद रहने से उनके समक्ष आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसी स्थिति में या तो उन्हें सैलून खोलने की अनुमति दी जाए अन्यथा उन्हें परिवार चलाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। जिलाधीश सरोज कुमार सामल की अनुपस्थिति में अतिरिक्त जिलाधीश योगिता तिर्की को ज्ञापन प्रदान किया गया। ज्ञापन की प्रतिलिपी प्रदेश के राज्यपाल, सरकार के मुख्य सचिव, विशेष राहत आयुक्त को भी प्रदान की गई है। ज्ञापन देने वालो में नाई समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरेश ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष बिक्रम कंजिया, जिलाध्यक्ष मुकेश ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष पवन ठाकुर, ब्रजराजनगर अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, रणकेश ठाकुर, बिक्रम ठाकुर, पंकज ठाकुर, अवधेश ठाकुर तथा युधिष्ठिर बारीक इत्यादि शामिल थे।
मालजमी से लापता व्यक्ति का शव मिला
संसू, झारसुगुड़ा : लैयकरा ब्लाक की कुलेमेरा पंचायत अंतर्गत आने वाले साल्हेटिकरा निवासी गोवर्धन बाग (60) का शव ब्लाक के साहसपुर स्थित मालजमी मे मिला है। वह बीते पांच तारीख से घर से कही चला गया था। उसके घरवालों ने इस संबंध में लैयकरा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। मंगलवार को मालजमी के लोगों ने शव देखने के बाद पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस शव को जब्त कर उसकी पहचान के लिए प्रयास शुरू किया था। पुलिस ने गोवर्धन बाग के घरवालों को भी बुलाया था। उन्होंने शव की पहचान गोवर्धन बाग के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। मगर गोवर्धन कि मौत कैसे व किस परिस्थिति में हुई थी। इस संबंध में पुलिस को कोई भी तथ्य नही मिल पाया है।