झारसुगुड़ा जन संगठन मंच ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
किसानों की विभिन्न समस्या को लेकर झारसुगुड़ा जन संगठन मंच कि ओर से रिले अनशन किया जा रहा है।
संसू, झारसुगुड़ा : किसानों की विभिन्न समस्या को लेकर झारसुगुड़ा जन संगठन मंच कि ओर से रिले अनशन किया जा रहा है। साथ ही किसानों की समस्याओं से संबंधित एक 13 सूत्री मांग पत्र मुख्यमंत्री के नाम जिलाधीश को सौंपा है। पत्र के माध्यम से बताया गया है कि वर्तमान झारसुगुड़ा जिले के किसान अपना धान भी बेच नहीं पा रहे हैं, जो सबसे बड़ी समस्या है। जिले के सभी किसानों को टोकन भी नहीं मिला है। कई क्षेत्र में किसानों को एक बार टोकन मिला मगर दोबारा नहीं दिया गया, जिससे किसान धान नहीं बेच पा रहे और मंडी में प्रति क्विंटल दो से तीन किलों कम मूल्य उन्हें मिल रहा है। इस समस्या के समाधान कर जिले के सभी किसानों को टोकन प्रदान करने, किसानों के सभी धान को उचित मूल्य में खरीदने, धान खरीदी के समय कटनी छटनी बंद करने, कालिया योजना, इनपुट सबसीडी से बच गये किसानों को सहायता, फसल बीमा कि राशि प्रदान, संयंत्र व खदानों के कारण किसानों के फसल को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए जरूरी कदम उठाने, जिला मिनरल फंड को खेती व किसान के विकास के लिए खर्च करने संबंधी मांग शामिल है। रिले अनशन में झारसुगुड़ा, कोलाबीरा, किरमिरा, लैयकरा व लखनपुर अंचल के किसान तथा विभिन्न संगठन ने अंश ग्रहण किया। रिले अनशन के पहले स्थानीय किसान चौक से एक विरोध रैली निकाली गई थी। जो सीधे जिलाधीश कार्यालय के समक्ष पहुंच कर अनशन मे तब्दील हो गई।