अंतरराज्यीय डकैत गिरोह का भंडाफोड़
झारसुगुड़ा पुलिस ने अंतरराज्यीय डकैत गिरोह का भंड़ाफोड़ करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
संवाद सूत्र, झारसुगुड़ा : झारसुगुड़ा पुलिस ने अंतरराज्यीय डकैत गिरोह का भंड़ाफोड़ करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो पिस्तौल, सात ¨जदा कारतूस समेत 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपितों में राउरकेला के प्लांट साइट थाना अंचल का राहुल साहू, बीरमित्रपुर का डेविड कांडुलना समेत पड़ोसी झारखंड राज्य के सिमडेगा का हार्डकोर अपराधी आनंद सोरेन (35) तथा विनय गुरु शामिल हैं। इन सभी को गुरुवार को जेल भेज दिया गया।
तलपटिया थाना में पत्रकारों से बातचीत में थाना प्रभारी पवित्र किसान व सदर थाना प्रभारी सावित्री बल ने बताया कि यह गिरोह बागडीही स्थित पेट्रोल पंप संचालक मोहन अग्रवाल के घर पर विगत जुलाई में हुई आठ लाख रुपये व सोने-चांदी के गहनों की लूट एवं सरबहाल में अक्टूबर में विजय झुनझुनवाला के आवास से 3.50 लाख रुपये की नकदी व गहनों की डकैती के मामले में संलिप्त था। इन चारों आरोपितों को राजगांगपुर, राउरकेला, सिमडेगा से गिरफ्तार करने की जानकारी थाना प्रभारी सावित्री बल ने दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस गिरोह का मास्टर माइंड बाबू खान है, जो कि झारखंड का निवासी है। यह गिरोह विभिन्न अंचलों का दौरा कर वहां के धनाढ्य लोगों के बारे में जानकारी हासिल करने के बाद डकैती की वारदात को अंजाम देता है।