जनता का विश्वास जीतना ही पुलिस का मुख्य लक्ष्य : महंती
झारसुगुड़ा जिले के बड़माल थाना को आदर्श थाना की मान्यता मिली है।
संवाद सूत्र, झारसुगुड़ा : झारसुगुड़ा जिले के बड़माल थाना को आदर्श थाना की मान्यता मिली है। सोमवार की शाम आदर्श थाना के रूप में इस थाना का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम में पश्चिम ओडिशा विकास परिषद के अध्यक्ष किशोर महंती ने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक द्वारा राज्य के थानों को आदर्श बनाने की जो परिकल्पना तैयार की गई है, वह स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि पुलिस के आचरण, व्यवहार व कार्य में बदलाव लाकर जनता की निकटता बढ़ाने के साथ उनका विश्वास अर्जित करना पुलिस का मुख्य लक्ष्य होना चाहिए। विधायक राधारानी पंडा ने जिले में एक महिला थाना की स्थापना को जरूरी बताया। जिलाधीश विभूति भूषण पटनायक, वेदांत कंपनी के सीईओ अभिजीत पति ने भी अपने विचार रखे। एसपी अश्विनी कुमार महंती ने जिले में पुलिसकर्मियों की कमी के बावजूद पुलिस द्वारा अच्छा काम करने की बात कही। अन्य लोगों में जिला वकील संघ के अध्यक्ष रघुमणि पटेल सहित महबूब महताब, आमो पुलिस समिति के प्रशांत दीक्षित प्रमुख उपस्थित रहे।