ओडिशा में बारिश और आंधी ने मचाई तबाही
Rain in Odisha. बारिश के साथ आई तेज आंधी ने बेलपहाड़ बंधबहाल आदि क्षेत्र में जमकर तबाही मचाई।
संसू, ब्रजराजनगर : शुक्रवार शाम को बारिश के साथ आई तेज आंधी ने बेलपहाड़, बंधबहाल तथा लखनपुर ब्लॉक क्षेत्र में जमकर तबाही मचायी। कई जगह विशालकाय पेड़ उखड़ने समेत बिजली के खंभे गिर जाने से विद्युतापूर्ति ठप हो गई। इस आंधी बारिश में बेलपहाड़ में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। मूचबहाल के नजदीक साहापाड़ा में शुक्र सा, रमाकांत पुजारी, हेमानंद सा, राजेंद्र पुजारी तथा सुवर्ण सा के घर का एसबेस्टस उड़ गया। ऋषिकेश पुजारी के कच्चे घर को काफी नुकसान हुआ है।
वहीं नगरपालिका के वार्ड-18 के जहाजपाड़ा निवासी भीम जयपुरिया तथा जामकानी निवासी कीर्तन गौड़ के घर का एसबेस्टस गया। इसी तरह महुलपाड़ा गांव के प्रकाश यादव के घर पर एक विशालकाय पीपल का पेड़ गिर गया। शुक्र रहा परिवार बाल-बाल बच गया। तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि होने से लखनपुर ब्लॉक में सब्जी की खेती को काफी नुकसान हुआ है। बिजली के खंभे गिर जाने एवं तार टूट जाने से इलाके की विद्युतापूर्ति हो गई जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग की ओर से मरम्मत कार्य जारी है। उम्मीद है कि दो-तीन दिन में विद्युतापूर्ति बहाल हो जाएगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप