रिश्वत लेते स्वास्थ्यकर्मी को विजिलेंस ने दबोचा
विजिलेंस की टीम ने मृत्यु प्रमाण पत्र देने के लिए 15 सौ रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। राजपुर सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र में जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग में कार्यरत भरत घासी को मंगलवार को विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
संसू, झारसुगुड़ा : झारसुगुड़ा जिले के राजपुर सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मी को विजिलेंस की टीम ने मृत्यु प्रमाण पत्र देने के लिए 15 सौ रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोच लिया। राजपुर सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र में जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र विभाग में कार्यरत भरत घासी को मंगलवार को विजिलेंस टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
सूचना के अनुसार जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र देने के लिए नियम अनुसार 11 रुपये का ट्रेजरी चालान लगता है। लेकिन भरत घासी प्रमाण पत्र लेने आने वालों से 15 सौ रुपये लेता था। इसी क्रम में उसने झारसुगुड़ा के पुरना गांव की रहने वाली सरोजनी किसान से मृत्यु प्रमाण पत्र देने के लिए 15 सौ रुपये मांगा था। बता दें, कि सरोजनी की मां वर्ष 2019 व पिता की वर्ष 2016 में निधन हो गया था। इसके बाद सरोजनी किसान ने राजपुर सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र जा कर अपने माता व पिता के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दी थी। जिसके लिए स्वास्थ्य कर्मचारी भरत घासी ने उससे कहा कि पहले 15 सौ रुपये एक के हिसाब से 3000 रुपए दो तभी प्रमाण पत्र मिलेगा। माता-पिता के मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए सरोजनी किसान बार-बार राजपुर स्वास्थ्य केंद्र दौड़ कर परेशान हो गई। अंत में उसने विजिलेंस विभाग में शिकायत की। योजना के तहत मंगलवार को जब सरोजनी ने प्रमाणपत्र के लिए भरत को 15 सौ रुपये दिए तभी विजिलेंस टीम ने स्वास्थ्य कर्मी भरत घासी को रंगे हाथों दबोच लिया। भरत को झारसुगुड़ा स्थित विजिलेंस विभाग के कार्यालय लाया गया। जहां पूछताछ के बाद उसे संबलपुर स्थित विजिलेंस कोर्ट ले जाया गया।