असहायों पर 'मातृशक्ति' का हाथ
देश-दुनिया में विश्व महिला दिवस शुक्रवार को मनाया गया। कटक मातृशक्ति समाज ने इस अवसर पर कई निसहाय महिलाओं से मिलकर उन्हें सम्मानित किया।
जेएनएन, कटक : देश-दुनिया में विश्व महिला दिवस शुक्रवार को मनाया गया। वहीं, कटक मातृशक्ति समाज की ओर से महिला दिवस, महिला सशक्तीकरण के तौर पर लगातार पांच दिन तक मनाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को चौथे दिन मातृशक्ति की सदस्यों ने विभिन्न समूह में बंटकर असहाय महिलाओं के बीच जाकर न सिर्फ उनका दुख-सुख सुना बल्कि उनका सम्मान कर उनकी जरूरत को यथासंभव पूरा कर बच्चों को शिक्षित करने के लिए भी प्रेरित किया।
संस्था की की अध्यक्ष संपत्ति मोड़ा के नेतृत्व में झरना रावत को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। झरना अपने पति के निधन के पश्चात नौकरी करते हुए एक बेटे को इंजीनियर की पढ़ाई करवा रहीं हैं। दूसरा बेटा अभी 10वीं कक्षा का छात्र है। वहीं, उपाध्यक्ष कविता जैन, मंजू सिपानी एवं संतोष चांडक ने बस्ती की असहाय महिलाओं के बीच जाकर वस्त्र, बिस्कुट एवं फल प्रदान किया। समन्वयक नीलम साहा 58 वर्षीय कंचन सामल, बंशी सामल से मिलीं तो पता चला की उनका पुत्र अपनी पत्नी एवं बच्चों को छोड़ चल बसा है। नीलम ने उनका सहयोग करते हुए कंचन सामल को सम्मानित किया। इसी तरह संस्था की समन्वयक अलका सिघी ने टीम के साथ एक वृद्ध महिला जोकि हरिपुर में मां-पिता की मृत्यु के बाद छोटे भाई और बहन को पढ़ाया लिखाया, शादी की, इनकेलिए खुद शादी नहीं की उनका सम्मान किया। सचिव संगीता करनानी ने भी टीम के साथ स्लम बस्ती की महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें सेनिटरी नैपकिन, डिटॉल साबुन आदि प्रदान किया।