कटक पहुंचा महानदी सुरक्षा अभियान, जोरदार स्वागत
महानदी को लेकर बीजू जनता दल (बीजद) की ओर से चलाए जा रहे महानदी सुरक्षा अ
संवादसूत्र, कटक : महानदी को लेकर बीजू जनता दल (बीजद) की ओर से चलाए जा रहे महानदी सुरक्षा अभियान को भरपूर जनसमर्थन मिल रहा है। महानदी सुरक्षा यात्रा रविवार शाम को कटक पहुंची और सोमवार नगर से आगे के लिए रवाना हो गई। इस मौके पर यात्रा का नेतृत्व कर रहे राज्यसभा सांसद प्रसन्न आचार्य ने कहा कि आने वाले दिनों में बीजद महानदी मुद्दे को और आगे ले जाएगा और केंद्र सरकार को इस मांग पर सोचने के लिए मजबूर कर देगा।
इससे पूर्व रविवार को नगर के त्रिसुलिया चौक पहुंचने पर महानदी सुरक्षा यात्रा का हजारों की संख्या में बीजद कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली के जरिए स्वागत किया। यहां से यह शोभायात्रा शहर के लिए निकली और पूरे नगर का भ्रमण कर लोगों को महानदी की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सोमवार की सुबह शोभायात्रा फिर से रवाना हुई। महानदी के गड़गड़िया घाट में आरती की गई इसके बाद शोभायात्रा शहर की गलियों में घूमी। इस दौरान जगह-जगह महानदी सुरक्षा यात्रा का लोगों ने स्वागत किया। राज्यसभा सांसद प्रसन्न आचार्य की अगुवाई में चल रही इस यात्रा में शहर समेत आसपास के कस्बों से बड़ी संख्या में बीजद कार्यकर्ता व महानदी समर्थक शामिल हुए।