जागरण संवाददाता, कटक। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 फरवरी को ओडिशा के दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति भुवनेश्वर स्थित रामादेवी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगी।
रामादेवी विश्वविद्यालय की कुलपति अपराजिता चौधरी ने राष्ट्रपति के दौरे की जानकारी दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 10 फरवरी को दोपहर 4.15 बजे इस कार्यक्रम में शामिल होंगी। पदभार संभालने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओडिशा की यह दूसरी दो दिवसीय यात्रा है। राष्ट्रपति 10 फरवरी को भुवनेश्वर पहुंचेंगी और वह राजभवन में ठहरेंगी।
बता दें कि पदभार संभालने के बाद वह पहली बार पिछले साल 11 नवंबर को ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर आई थीं। इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुरी जाकर महाप्रभु जगन्नाथ जी का दर्शन किया था। राष्ट्रपति ने अपने उस दौरे के दौरान जिस प्रकार से एक आम भक्त की तरह बड़दांड (जगन्नाथ मंदिर के सामने) में पैदल चलकर और साष्टांग दंडवत कर जगन्नाथ मंदिर के अंदर प्रवेश किया था, उसकी खूब चर्चा हुई थी। राष्ट्रपति के इस तरह के सरल स्वभाव में महाप्रभु के प्रेम को देखकर लोगों ने उनकी खूब प्रशंसा भी की थी।
इसके अलावा राष्ट्रपति मुर्मू ने भुवनेश्वर में भी एक कार्यक्रम में अपने सहपठनियों को बुलाकर उनसे मुलाकत की थी। वह अपने स्कूल और हॉस्टल में भी गई थी, जहां उन्होंने कभी रहकर अध्ययन किया था। इस दौरान राष्ट्रपति की सहेलियों ने कहा कि काश समय ठहर जाता, साथ में और कुछ पल गुजार लेते.. मगर क्या करें समय गतिमान है और ऊपर से राष्ट्रपति पद की अपनी गरिमा है और प्रोटोकल है। बावजूद इसके आज कुछ ही पल के लिए मिले।
सहपाठिनियों ने कहा कि आज 70 के दशक की वे सारी यादें ताजा हो गई, जो हम स्कूल में पढ़ाई के दौरान की हैं। हम सब आज गौरवान्वित हैं कि इतने दिनों बाद हम 13 लोग एकत्र हुए। राष्ट्रपति बनने के बाद भी उन्होंने हमें याद रखा और हमें विशेष रूप से आमंत्रित किया, हमसे बात की, बहुत अच्छा लगा। मैडम ने प्रोटोकल छोड़कर हम लोगों के पास पहुंची। हमें खुशी है कि हमारी सहपाठिनी आज राष्ट्रपति हैं। द्रौपदी मुर्मू ने 25 जुलाई, 2022 को राष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला था।