ओडिशा सरकार के कार्यक्रम में मारपीट, महिला सरपंच घायल; मामला दर्ज
ओडिशा सरकार के एक कार्यक्रम में महिला सरपंच लक्ष्मी प्रिया स्वांई ने राज्य खेल मंत्री चन्द्र सारथी बेहेरा के समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
कटक, जेएनएन। राज्य सरकार के पीठा योजना कार्यक्रम में बीजद महिला सरपंच एवं उसके परिवार के सदस्य पर हमला किए जाने का आरोप सामने आया है। राज्य खेल मंत्री चन्द्र सारथी बेहेरा के समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगा है। खुद सरपंच लक्ष्मी प्रिया स्वांई ने यह आरोप लगाया है।
खबर के मुताबिक इस मारपीट में महिला सरपंच लक्ष्मीप्रिया स्वांई के साथ उनका बेटा रंजीत स्वांई एवं पति बनमाली स्वांई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। चाउलियागंज थाना पुलिस इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
गौरतलब है कि कटक के चाउलियागंज थाना अंतर्गत गतिराउतपटना पंचायत में शनिवार को पीठा कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम का उद्घाटन खेल मंत्री चंद्र सारथी बेहेरा को करना था, मगर मंत्री के आने से पहले ही सरपंच ने कार्यक्रम का उद्घाटन कर दिया। इससे वहां पर हो हल्ला शुरू हो गया। खेल मंत्री चंद्र सारथी बेहेरा के समर्थक एवं सरपंच के पति व बेटे के साथ कहासुनी होने लगी। इसके बाद देखते ही देखते दोनों गुट में हाथापाई होने लगी।
खबर के मुताबिक बंदूक के पिछले हिस्से से मारने के कारण महिला सरपंच का सिर फट गया है। चाउलियागंज थाना में सरपंच लक्ष्मीबाई ने यह आरोप लगाया है। वहीं दूसरी तरफ इस आरोप का मंत्री ने खंडन किया है। उन्होंने कहा कि आरोप आधारहीन है यदि इस तरह का आरोप है तो पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी। यह सब घटना हमारे यहां पहुंचने से पहले हुई है। घायल महिला सरपंच को इलाज के लिए कटक सिटी अस्पताल में भर्ती किया गया है। दोनों पक्षों ने चाउलियागंज थाना में दो अलग-अलग मामला दर्ज किया है।